महाराष्ट्र में आज 12 जिला परिषदों और 125 पंचायत समितियों के चुनाव हो रहे हैं। ये मतदान सुबह 7:30 बजे शुरू हुआ और शाम 5:30 बजे तक चलेगा। वोटों की गिनती 9 फरवरी को सुबह 10 बजे से होगी। ये चुनाव 12 जिलों में हो रहे हैं – रायगढ़, रत्नागिरी, सिंधुदुर्ग, पुणे, सतारा, सांगली, सोलापुर, कोल्हापुर, छत्रपति संभाजीनगर, परभणी, धाराशिव और लातूर।
राज्य की जिला परिषदें और पंचायत समितियां
राज्य में कुल 32 जिला परिषदें और 336 पंचायत समितियां हैं, लेकिन सुप्रीम कोर्ट के फैसले के बाद 50% से ज्यादा आरक्षण वाली 20 जिला परिषदों और 211 पंचायत समितियों के चुनाव टल गए हैं। इसलिए अभी सिर्फ ये 12 जिल्ला परिषदें और इनके अंदर की 125 पंचायत समितियां ही वोटिंग में हैं। कुल मिलाकर 731 जिला परिषद सीटों के लिए 2,624 उम्मीदवार मैदान में हैं। इनमें से 369 सीटें महिलाओं के लिए, 83 अनुसूचित जाति (SC) के लिए, 25 अनुसूचित जनजाति (ST) के लिए और 191 अन्य पिछड़ा वर्ग (OBC) के लिए आरक्षित हैं।
इसी तरह 1,462 पंचायत समिति सीटों पर 4,814 उम्मीदवार लड़ रहे हैं। यहां 731 सीटें महिलाओं की, 166 SC की, 38 ST की और 342 OBC की आरक्षित हैं। कुल उम्मीदवारों की संख्या 7,438 है। मतदाताओं की संख्या 2 करोड़ से ज्यादा है। इसमें 1,06,33,269 पुरुष, 1,01,86,965 महिलाएं और 468 अन्य श्रेणी के वोटर शामिल हैं। कुल 25,471 मतदान केंद्र बनाए गए हैं।
हर वोटर डालेगा दो वोट
मतदान के लिए इलेक्ट्रॉनिक वोटिंग मशीनों (EVM) का इस्तेमाल हो रहा है। कुल 51,537 कंट्रोल यूनिट और 1,10,329 बैलट यूनिट लगाई गई हैं। हर वोटर को दो वोट डालने हैं – एक सफेद बैलट पेपर पर जिला परिषद के लिए और एक गुलाबी बैलट पेपर पर पंचायत समिति के लिए।
चुनाव आयोग ने सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम किए हैं। करीब 1.28 लाख कर्मचारी ड्यूटी पर हैं, जिसमें 125 रिटर्निंग अधिकारी और 125 असिस्टेंट रिटर्निंग अधिकारी शामिल हैं। सभी EVM की ट्रेनिंग भी पूरी कर ली गई है।
ये चुनाव पहले 5 फरवरी को होने थे, लेकिन 28 जनवरी 2026 को डिप्टी चीफ मिनिस्टर अजित पवार की एयर क्रैश में मौत हो गई। राज्य में तीन दिन का शोक घोषित हुआ, इसलिए चुनाव दो दिन आगे बढ़ाकर 7 फरवरी कर दिया गया और गिनती 9 फरवरी तय हुई। मतदान शांतिपूर्ण तरीके से चल रहा है और अधिकारियों ने डबल वोटिंग जैसी गड़बड़ियों पर सख्ती बरतने की बात कही है। वोटर अपनी डिटेल्स मोबाइल ऐप या ऑफिशियल वेबसाइट से चेक कर सकते हैं।











