Oracle Layoffs: दिग्गज टेक कंपनी Oracle में बड़ी संख्या में कर्मचारियों के नौकरी पर संकट खड़ा हो गया है। इस कंपनी में हजारों की संख्या में वर्कफोर्स में कटौती हो सकती है। मीडिया रिपोर्ट्स में कहा जा रहा है कि Oracle अब तक की सबसे बड़ी छंटनी पर विचार कर रहा है। इस छंटनी में 20,000 से 30,000 कर्मचारियों की नौकरियां जा सकती हैं। वर्कफोर्स में कटौती के इस बड़े संकट के पीछे Oracle की OpenAI के साथ की गई AI डील बताई जा रही है। इसी डील के बाद Oracle पर भारी वित्तीय दबाव बताया जा रहा है।
पहले कंपनी के लिए अहम मानी जा रही थी ये डील पर अब बनी बोझ
ओरेकल की ओपन एआई (Oracle OpenAI Partnership) के साथ इस डील को पहले कंपनी के भविष्य के लिए अहम माना जा रहा था। लेकिन अब इस डील के कारण बड़ी संख्या में नौकरियों में कटौती का संकट मंडरा गया है। यह डील अब वित्तीय बोझ बनती दिख रही है। मीडिया रिपोर्ट्स में कहा गया है कि इस डील पर करीब 156 बिलियन डॉलर का कैपिटल खर्च आ सकता है। इसके लिए लाखों जीपीयू (GPU) और विशाल एआई डेटा सेंटर नेटवर्क (Large AI Data Centers) की जरूरत है। ओरेकल ने टेक्सस, विस्कॉन्सिन और न्यू मैक्सिको में बड़े पैमाने पर डेटा सेंटर प्रोजेक्ट शुरू किए हैं। जिसमें अरबों डॉलर का खर्च आया है।
कई अमेरिकी बैंक ओरेकल को लोन देने से पीछे हटे
स्थिति तब अधिक बिगड़ी जब कई अमेरिकी बैंकों ने ओरेकल से जुड़े डेटा सेंटर प्रोजेक्ट्स को फंड करने से दूरी बना ली। रिपोर्ट में यह भी कहा गया है कि ओपन एआई ने अपनी कुछ शॉर्ट टर्म जरूरतों के लिए माइक्रोसॉफ्ट (Microsoft) और अमेजन (Amazon) की ओर रुख किया है। इससे ओरेकल पर दबाव और बढ़ गया है। ओरेकल ने केवल दो महीनों में लगभग 58 बिलियन डॉलर का कर्ज ले लिया है और कुल कर्ज 100 बिलियन डॉलर के पार पहुंच चुका है। कैश फ्लो पर बढ़ते दबाव के कारण कंपनी को खर्च कम करने के विकल्प तलाशने पड़ रहे हैं। विश्लेषकों का मानना है कि 20,000 से 30,000 कर्मचारियों की छंटनी से ओरेकल को 8 से 10 बिलियन डॉलर तक की नकदी की राहत मिल सकती है। कहा जा रहा है कि छंटनी के साथ-साथ ओरेकल नई रणनीतियों पर भी काम कर रही है। कंपनी अपनी चिप खुद लाओ यानी BYOC मॉडल पर विचार कर रही है। इसमें ग्राहक अपना हार्डवेयर खुद देंगे और इससे ओरेकल का खर्च कम होगा। यह कदम टेक इंडस्ट्री में चल रहे बड़े रीस्ट्रक्चरिंग ट्रेंड को दिखाता है।














