अगर आप राष्ट्रपति भवन की खूबसूरती को पास से देखना चाहते हैं, तो यह आपके लिए बहुत अच्छी खबर है। राष्ट्रपति भवन परिसर में स्थित अमृत उद्यान एक बार फिर आम लोगों के लिए खोला जा रहा है। यह उद्यान अपनी हरियाली, रंग-बिरंगे फूलों और शांत वातावरण के लिए बहुत प्रसिद्ध है। हर साल हजारों लोग इसे देखने आते हैं और अब आपके पास भी इसे देखने का शानदार मौका है। राष्ट्रपति सचिवालय की ओर से दी गई जानकारी के अनुसार, अमृत उद्यान 3 फरवरी से 31 मार्च तक आम जनता के लिए खुला रहेगा। इस दौरान कोई भी व्यक्ति तय समय में उद्यान की सैर कर सकता है और इसकी सुंदरता का आनंद ले सकता है।
घूमने का समय- अमृत उद्यान रोज़ाना सुबह 10:00 बजे से शाम 6:00 बजे तक खुला रहेगा। ध्यान रखने वाली बात यह है कि अंतिम प्रवेश समय शाम 5:15 बजे का है। यानी इसके बाद किसी को अंदर जाने की अनुमति नहीं मिलेगी। उद्यान की देखभाल और रखरखाव के कारण हर सोमवार को अमृत उद्यान बंद रहेगा। इसके अलावा, 4 मार्च को होली के त्योहार के कारण भी उद्यान आम लोगों के लिए बंद रहेगा। इसलिए जाने से पहले तारीख जरूर देख लें।
प्रवेश शुल्क- अमृत उद्यान घूमने की सबसे अच्छी बात यह है कि यहां कोई भी प्रवेश शुल्क नहीं लिया जाता। यानी सभी लोगों के लिए एंट्री बिल्कुल मुफ्त है। आप बिना किसी टिकट के इस खूबसूरत जगह का आनंद ले सकते हैं। उद्यान में जाने के लिए आपको पहले से अपना स्लॉट बुक करना होगा। इसके लिए ऑनलाइन और ऑफलाइन दोनों सुविधाएं उपलब्ध हैं।
ऑनलाइन बुकिंग- आप राष्ट्रपति भवन की आधिकारिक वेबसाइट visit.rashtrapatibhavan.gov.in पर जाकर आसानी से अपनी विजिट बुक कर सकते हैं। अगर आप ऑनलाइन बुकिंग नहीं कर पाते हैं, तो घबराने की जरूरत नहीं है। आप राष्ट्रपति भवन के गेट नंबर 35 के बाहर लगे सेल्फ-सर्विस कियोस्क से भी अपना पास प्राप्त कर सकते हैं। आगंतुकों की सुविधा के लिए फ्री शटल बस सेवा भी शुरू की गई है।
कहां से-केंद्रीय सचिवालय मेट्रो स्टेशन से राष्ट्रपति भवन गेट नंबर 35। समय- सुबह 9:30 बजे से शाम 6:00 बजे तक। इन बसों पर साफ लिखा होगा- “Shuttle Service for Amrit Udyan”, जिससे आप इन्हें आसानी से पहचान सकेंगे। सुरक्षा कारणों से कुछ ही चीज़ें अंदर ले जाने की अनुमति है। आप अपने साथ ये सामान ले जा सकते हैं-
मोबाइल फोन, इलेक्ट्रॉनिक चाबी, पर्स या हैंडबैग, पानी की बोतल, बच्चों के दूध की बोतल, छाता। इसके अलावा अन्य सामान अंदर ले जाने की अनुमति नहीं होगी। अगर आप प्रकृति, फूलों और शांति पसंद करते हैं, तो अमृत उद्यान की सैर आपके लिए यादगार अनुभव साबित होगी।

















