यूएई के राष्ट्रपति शेख मोहम्मद बिन जायद अल नाहयान आज (19 जनवरी 2026) भारत पहुंच रहे हैं। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के निमंत्रण पर ये उनकी आधिकारिक यात्रा है। राष्ट्रपति बनने के बाद ये उनकी तीसरी और पिछले दस साल में कुल पांचवीं भारत यात्रा होगी। दोनों देशों के बीच पहले से ही बहुत गहरे और पक्के रिश्ते हैं, और ये दौरा इन्हें और भी मजबूत करने का अच्छा मौका है।
पीएम मोदी के साथ होगी खास बातचीत
राष्ट्रपति नाहयान आज भारत आएंगे। विदेश मंत्रालय ने कल यानी 18 जनवरी को इसकी जानकारी दी थी। वे प्रधानमंत्री मोदी के साथ आधिकारिक मुलाकात करेंगे। दोनों नेता व्यापक रणनीतिक साझेदारी को आगे बढ़ाने पर चर्चा करेंगे। इस दौरान नए-नए क्षेत्रों में सहयोग बढ़ाने पर खास ध्यान रहेगा।
बातचीत में क्या-क्या मुद्दे होंगे
दोनों देशों के नेताओं के बीच इस दौरान आर्थिक और व्यापारिक रिश्ते, निवेश, ऊर्जा, रक्षा, तकनीक और रणनीतिक पार्टनरशिप जैसे कई बड़े मुद्दे शामिल होंगे। दोनों देश इन सबमें पहले से ही अच्छा काम कर रहे हैं, जैसे CEPA समझौते के तहत व्यापार लगातार बढ़ रहा है। मिडिल ईस्ट की मौजूदा हालत और क्षेत्रीय मुद्दों पर भी विचार हो सकता है। दोनों तरफ से आपसी फायदे को देखते हुए नए कदम उठाने की कोशिश रहेगी।
इसे भी पढ़ें: ट्रंप का बोर्ड ऑफ पीस क्या है, भारत को क्यों मिला निमंत्रण?
दोनों देशों के रिश्ते
भारत और यूएई के बीच रिश्ते बहुत पुराने और मजबूत हैं। पिछले कुछ सालों में हाई-लेवल की कई यात्राएं हो चुकी हैं, जैसे अबू धाबी और दुबई के क्राउन प्रिंस की हालिया विजिट। ये दौरा भी उसी सिलसिले का हिस्सा है, जहां दोनों तरफ से रिश्तों को और गहरा करने की कोशिश होती रहती है। लाखों भारतीय वहां काम कर रहे हैं और दोनों देश एक-दूसरे के लिए बहुत अहम पार्टनर हैं। ये यात्रा दोनों के लिए फायदेमंद साबित हो सकती है, क्योंकि नए समझौते या सहयोग के नए रास्ते खुल सकते हैं।












