नूंह में पुलिस ने 900 किलो प्रतिबंधित विस्फोटक जब्त किया। तीन संदिग्ध युवक मौके से फरार हो गए। यह कार्रवाई हरियाणा के नूंह जिले में हुई है। पता चला है कि तीनों अपने खेत में प्रतिबंधित विस्फोटकों से पटाखा बना रहे थे।
रिपोर्ट के अनुसार, पुलिस को खबर मिली थी कि बीसरु गांव के तीन सगे भाई अवैध तरीके से पटाखे बना रहे हैं और बेच रहे हैं। वे अपने खेतों में ही यह काम कर रहे थे और विस्फोटक सामग्री को छिपाकर रखा हुआ था। सूचना के आधार पर पुलिस ने रेड टीम बनाई और छापेमारी की तैयारी की।
घटना का स्थान
छापेमारी पुन्हाना क्षेत्र के बिछौ थाना के अंतर्गत बीसरु गांव में बीपीएल कॉलोनी के पास खेतों में बने टीनशेड पर हुई। वहां पहुंचकर पुलिस ने तलाशी ली। टीनशेड से कुल 900 किलो प्रतिबंधित विस्फोटक सामग्री बरामद हुई। यह सामग्री हल्के पीले रंग की बारूद जैसी थी, जो 18 प्लास्टिक कट्टों में भरी हुई थी। हर कट्टा करीब 50 किलो का था। जैसे ही पुलिस की सरकारी गाड़ी मौके पर पहुंची और छापेमारी शुरू हुई, तीन युवक खेतों की तरफ भाग निकले। आसपास सरसों और गेहूं की फसल खड़ी थी, जिसका फायदा उठाकर वे आसानी से फरार हो गए। पुलिस उन्हें पकड़ नहीं पाई।
कौन हैं आरोपी
फरार तीनों संदिग्ध सगे भाई हैं। इनका नाम है ईसा, इस्राइल और जुल्ली। ये बीसरु गांव के ही निवासी हैं। पुलिस के मुताबिक ये तीनों पटाखे बनाने और बेचने के काम में लगे हुए थे। पुलिस ने बरामद विस्फोटक का नमूना जांच के लिए भेज दिया गया है। मौके पर सीन ऑफ क्राइम टीम भी बुलाई गई। तीनों भाइयों के खिलाफ विस्फोटक अधिनियम के तहत केस दर्ज कर लिया गया है। फरार आरोपियों की तलाश के लिए सर्च ऑपरेशन जारी है।
बिछौ थाना प्रभारी जसवीर ने बताया कि तीनों भाई पटाखा बनाने के काम में शामिल पाए गए हैं। उनके खिलाफ मामला दर्ज हो चुका है और जल्द ही उन्हें पकड़ लिया जाएगा।















