गत दिनों आर. ए. गीता वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालय, शंकर नगर, दिल्ली में संस्कृत भारती द्वारा प्रबोधन वर्ग आयोजित हुआ। इसका समापन 10 जनवरी को हुआ। इस अवसर पर संस्कृत भारती, उत्तर क्षेत्र के मंत्री कौशल किशोर तिवारी ने कहा कि संस्कृत भारती संस्कृत पढ़ने वाले छात्रों, आचार्यों अथवा व्यक्तियों का समूह नहीं है, अपितु भारत का प्रत्येक संस्कृत का अनुरागी व्यक्ति संस्कृत भारती का कार्यकर्ता है।
कार्यक्रम के अध्यक्ष, संस्कृत भारती, दिल्ली प्रांत के उपाध्यक्ष एवं केंद्रीय संस्कृत विश्वविद्यालय के परीक्षा नियंता प्रो. पवन कुमार ने कहा कि जिस प्रकार मां अपने शिशु का ध्यान रखती है, उसका लालन-पालन करती है, उसी तरह संस्कृत भाषा हम सभी भारतीयों का लालन-पालन और पोषण करने में समर्थ है।
मुख्य अतिथि सुबोध कुमार गोस्वामी, उपायुक्त आर्थिक अपराध शाखा, दिल्ली ने कहा कि वर्तमान समय में जहां लोग अंग्रेजी बोलना अपने ज्ञान का उच्चतम पक्ष मानते हैं, वहीं वे हिंदी और संस्कृत बोलने में संकोच का अनुभव करते हैं, यह सर्वथा अनुचित है। इस अवसर पर संस्कृत भारती, दिल्ली प्रांत के सभी अधिकारी एवं कार्यकर्ता उपस्थित रहे।

















