भुवनेश्वर। ओडिशा के जगतसिंहपुर जिले में स्थित प्रसिद्ध मां चर्चिका देवी मंदिर में हुई सनसनीखेज चोरी के मामले में पुलिस ने बड़ी सफलता हासिल करते हुए मुख्य आरोपी शेख नवाब को गिरफ्तार कर लिया है। करीब डेढ़ महीने तक चली गहन जांच के बाद पुलिस ने न केवल आरोपी को पकड़ा, बल्कि मंदिर से चोरी किए गए पवित्र स्वर्ण-रजत आभूषणों और अन्य सामान की भी बड़ी मात्रा में बरामदगी की है। यह चोरी 27 नवंबर की रात जगतसिंहपुर शहर के चर्चिका बाजार क्षेत्र में, न्यू कोर्ट चौक के पास स्थित मां चर्चिका देवी के मंदिर में हुई थी।
चोरों ने बेहद सुनियोजित तरीके से वारदात को अंजाम दिया। मंदिर में लगे सीसीटीवी कैमरों के तार काट दिए गए, बिजली की आपूर्ति बाधित की गई और मंदिर के दाहिनी ओर स्थित स्टील गेट का ताला लोहे की रॉड से तोड़कर अंदर प्रवेश किया गया। इसके बाद आंतरिक कक्ष के दरवाजे का ताला तोड़कर देवी के बहुमूल्य आभूषणों की चोरी कर ली गई। चोरी गए सामान में देवी का मुकुट, सोने के नेत्र, पलकें, चांदी का बड़ा मुकुट, सिंदूर पात्र सहित कई पवित्र आभूषण शामिल थे।
World Book Fair 2026: ग्रुप कैप्टन शुभांशु शुक्ला ने करवाई स्कूली विद्यार्थियों को अंतरिक्ष की सैर..
28 नवंबर की सुबह जब मंदिर के पुजारी कुमार प्रफुल्ल नायक पूजा-अर्चना के लिए मंदिर पहुंचे, तो उन्होंने देवी के सभी स्वर्ण और रजत आभूषण गायब पाए। इसके बाद तुरंत पुलिस को सूचना दी गई। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और खोजी कुत्तों की मदद से जांच शुरू की गई। आसपास के 50 से अधिक सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली गई, लेकिन प्रारंभिक जांच में कोई ठोस सुराग हाथ नहीं लगा।

लगातार तकनीकी विश्लेषण, मानव खुफिया सूचना और क्षेत्रीय निगरानी के आधार पर बिरिड़ी थाना पुलिस ने गालुपाड़ा निवासी शेख नवाब को हिरासत में लेकर पूछताछ की। पूछताछ के दौरान आरोपी ने मंदिर चोरी की वारदात में अपनी संलिप्तता स्वीकार कर ली। उसके बयान के आधार पर पुलिस ने उसके घर के पीछे से चोरी का सामान बरामद किया, जिसमें पांच बड़े पीतल के थाल, चार घंटे, छह घंटियां, चांदी के चार जोड़े नेत्र, चांदी के होंठ, नाक, मुकुट, पांच मोबाइल फोन, दो पासपोर्ट, एटीएम कार्ड और चोरी की रकम से खरीदी गई एक मोटरसाइकिल शामिल है।
पुलिस के अनुसार, चोरी किए गए कुछ आभूषण आरोपी की पत्नी द्वारा जगतपुर के पीर बाजार क्षेत्र में छिपाकर रखे गए थे। गिरफ्तारी की आशंका के चलते आरोपी की पत्नी और उसका एक सहयोगी फिलहाल फरार हैं। इस संबंध में अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक सत्यव्रत दास सहित अन्य वरिष्ठ अधिकारियों ने बताया कि जांच में यह भी सामने आया है कि शेख नवाब जिले में पूर्व में हुई कई मंदिर चोरी और सेंधमारी की घटनाओं में शामिल रहा है। फरार आरोपियों की गिरफ्तारी और शेष चोरी की संपत्ति की बरामदगी के लिए पुलिस की टीमें लगातार छापेमारी कर रही हैं। फिलहाल मामले की विस्तृत जांच जारी है।
















