पंजाब में गुरदासपुर के डेरा बाबा नानक में सीमा सुरक्षा बल और पंजाब पुलिस की टीम ने संयुक्त अभियान के दौरान एक ग्रेनेड बरामद किया है। इस घटना के बाद इलाके में सुरक्षा व्यवस्था बढ़ा दी गई है और तलाशी अभियान चलाया जा रहा है। दूसरी ओर बठिंडा में पुलिस ने भारी मात्रा में हथियारों के साथ विदेश में बैठे गैंगस्टर अर्श डल्ला के तीन गुर्गों को भी काबू किया है।
गुरदासपुर में बीएसएफ के अधिकारियों के अनुसार, बीएसएफ के खूफिया विभाग और काउंटर इंटेलीजेंस की ओर से बीएसएफ की 27 बटालियन के जवानों के सहयोग से बटाला बाईपास से एक काले रंग के लिफाफ में यह विस्फोटक बरामद किया गया। फिलहाल, ग्रेनेड को कब्जे में लेकर इसकी गहनता से जांच की जा रही है। इस संबंध में पुलिस द्वारा मामला दर्ज करके आगे की कार्रवाई शुरू कर दी गई है। यह बरामदगी सुरक्षा एजेंसियों की सतर्कता और सक्रियता को दर्शाती है। पुलिस और बीएसएफ आगे की जांच कर रही है ताकि इसके स्रोत का पता लगाया जा सके।
दूसरी ओर काउंटर इंटेलीजेंस ने बठिंडा पुलिस के साथ मिलकर गैंगस्टर अर्श डल्ला गैंग से जुड़े तीन आरोपितों को चार अवैध पिस्तौल, चार मैगजीन और 26 जिंदा कारतूस सहित गिरफ्तार कर एक सुनियोजित हत्या की वारदात को टाल दिया है। गिरफ्तार किए गए आरोपितों की पहचान बठिंडा के गिलपत्ती निवासी कुलदीप सिंह (जो वर्तमान में कनाडा में रह रहा है), बठिंडा के कोटशमीर निवासी गुरविंदर सिंह और बठिंडा के गांव भोखड़ा निवासी गगनदीप सिंह के रूप में हुई है। बरामद पिस्तौलों में एक ग्लॉक, एक जिगाना, एक .30 बोर पिस्तौल और एक .32 बोर पिस्तौल शामिल है। इसके अलावा पुलिस टीमों ने बिना रजिस्ट्रेशन नंबर की एक हुंडई वर्ना कार भी जब्त की है, जिसका इस्तेमाल आरोपित आपराधिक गतिविधियों में कर रहे थे।
डीजीपी गौरव यादव ने बताया कि प्रारंभिक जांच से पता चला है कि गिरफ्तार आरोपित टारगेट किलिंग को अंजाम देने की योजना बना रहे थे। गिरफ्तार आरोपियों में से एक कुलदीप सिंह हाल ही में विशेष रूप से योजनाबद्ध फायरिंग को अंजाम देने के लिए कनाडा से बठिंडा आया था।
बठिंडा के एसएसपी अमनीत कौंडल ने कहा कि पूछताछ के दौरान आरोपितों ने चल रही अंतर-गैंग दुश्मनी में अपनी संलिप्तता के बारे में भी खुलासा किया है। उन्होंने बताया कि बठिंडा के थाना थर्मल में एफआईआर दर्ज की गई है, जबकि आगे-पीछे के संबंधों का पता लगाने के लिए जांच जारी है।
काउंटर इंटेलिजेंस बठिंडा को विश्वसनीय सूत्रों से पुख्ता सूचना मिली थी कि अर्श डल्ला गैंग से जुड़े शूटरों के पास अवैध हथियार हैं और वे टारगेट किलिंग की साजिश रच रहे हैं। सूचना पर त्वरित कार्रवाई करते हुए टीम ने जिला पुलिस बठिंडा के साथ मिलकर गोनियाना रोड पर सुच्चा सिंह नगर के पास नाका लगाया और आरोपितों को गिरफ्तार कर लिया। थाना थर्मल में मामला दर्ज किया गया है।











