Pangot Hill Station Uttarakhand: नये साल पर आप नैनीताल की जगह पंगोट हिल स्टेशन जा सकते हैं। क्योंकि नये साल पर नैनीताल पैक हो जाता है और ज्यादा भीड़भाड़ के कारण आप यहां से सही से घूम भी नहीं सकेंगे। वहीं, दूसरी ओर पंगोट हिल स्टेशन एकदम शांत है और यहां कम ही टूरिस्ट पहुंचते हैं क्योंकि इसे सीक्रेट हिल स्टेशन माना जाता है। नये साल पर (New Year 2026) पंगोट की सैर एक अच्छी च्वॉइस है। आइए इस हिल स्टेशन के बारे में जानते हैं।
समुद्र तल से 6,510 फीट की ऊंचाई पर है पंगोट
पंगोट हिल स्टेशन बेहद सुंदर है। यह हिल स्टेशन शांत और सुकून से भरा है। यही कारण है कि पिछले कुछ सालों में पंगोट हिल स्टेशन काफी फेमस हुआ है और टूरिस्टों को अपनी ओर अट्रैक्ट कर रहा है। कम भीड़भाड़ के कारण इसे सीक्रेट हिल स्टेशन कहा जाता है। इस हिल स्टेशन में चारों तरफ पहाड़, जंगल और पक्षियों का कलरव आपको रिफ्रेश कर देगा। यह खूबसूरत पर्यटक स्थल समुद्र तल से 6,510 फीट की ऊंचाई पर है।
नैनीताल से सिर्फ 15 किलोमीटर दूर है पंगोट
पंगोट हिल स्टेशन की दूरी नैनीताल से महज 15 किलोमीटर है। अगर आप नैनीताल से अपनी गाड़ी से पंगोट की ओर जाते हैं तो आपको करीब 40 मिनट लगेंगे। पंगोट एक छोटी-सी जगह है। कुछ रिजॉर्ट हैं और कुछ दुकानें। नैनीताल से पंगोट की तरफ जाने वाले रास्ते में आप प्रकृति की असली सुंदरता को निहार सकते हैं। रास्ते में आपको कई किस्म के पक्षियों की आवाज सुनने को मिलेगी।
बर्डवाचिंग के लिए फेमस है पंगोट
पंगोट हिल स्टेशन बर्डवाचिंग के लिए प्रसिद्ध है। पंगोट के रास्ते में आपको कई तरह के पक्षी दिखेंगे। कहा जाता है कि पंगोट में सैलानी 500 से अधिक पक्षियों की प्रजातियों को देख सकते हैं। टूरिस्ट यहां ट्रैकिंग कर सकते हैं और नेचर वॉक का लुत्फ उठा सकते हैं। नये साल पर पंगोट घूमना एक अच्छी च्वॉइस है क्योंकि यहां आप सुकून और प्रकृति के बीच नये साल का सेलिब्रेशन कर सकते हैं।











