यूरोप में हमास के इंफ्रास्ट्रक्चर को तगड़ा झटका लगा है। इस्राएल ने हमास के एक बड़े अगुआ और उसके 6 साथियों को इटली पुलिस द्वारा गिरफ्तार कराया है। उनके नेटवर्क की पूरी खुफिया जानकारी इस्राएल के अधिकारियों ने इटली को दी थी।
इटली के कानून प्रवर्तन अधिकारियों ने पकड़े गए हमासिया की संपत्ति, पैसे और अन्य अचल संपदा जब्त कर ली है। शक है कि इसमें शामिल लोगों ने योजनाबद्ध तरीके से घोषित आतंकवादी संगठन हमास की सिविलियन और मिलिट्री शाखाओं के लिए फंड इकट्ठा करने और पैसे को यहां से वहां पहुंचाने का काम किया था। इस्राल ने इस गिरफ्तारी को हमास के ढांचे को एक बड़ा झटका बताया है।
इस्राएल सरकार ने इस मामले की पुष्टि करते हुए बताया है कि, ‘यूरोप में हमास के इंफ्रास्ट्रक्चर के लिए एक बड़ा झटका’ रहा जब इटली में कानून लागू करने वाली एजेंसियों ने जानकारी और सबूतों के साथ इस्राएली मदद से उस देश में हमास के नेता मुहम्मद हनून और उस आतंकवादी संगठन के छह दूसरे बड़े जिहादियों की गिरफ्तारी हुई है। इसमें यूरोप में हमास की लीडरशिप का एक वरिष्ठ नेता और उपमहाद्वीप पर हमास नेतृत्व का एक सदस्य शामिल है।
इस्राएल के रक्षा मंत्रालय में इकोनॉमिक काउंटरटेररिज्म हेडक्वार्टर (ईसीटी), इस्राएल पुलिस के इंटेलिजेंस विभाग, इस्राएल डिफेंस फोर्सेज, इंटेलिजेंस डिवीजन और शिन बेट (इस्राएल की एंटी-टेरर जनरल सिक्योरिटी सर्विस) की एक ज्वाइंट टास्क फोर्स ने इटली में हमास के इंफ्रास्ट्रक्चर की जांच के हिस्से के तौर पर कई माध्यमों के जरिए इटली पुलिस को जानकारी और सबूत उपलब्ध कराए थे।
इस्राएल के रक्षा मंत्री, इस्राएल कैट्ज ने कहा है कि हमास के आतंकवादियों और उन सभी लोगों के पास अब कोई सुरक्षित पनाहगाह नहीं है, न तो मिडिल ईस्ट में और न ही यूरोप में। इस्राएल सरकार हर आतंकवादी और देश के खिलाफ काम करने वाले हर उस व्यक्ति तक पहुंचने के लिए पूरी कोशिश करेगी जो आतंकवाद में मदद करता है। जो भी सोचता है कि वे आतंकवाद को पैसा दे सकते हैं और विदेश में छिपे रह सकते हैं, वह गलत सोचता है।

















