नई दिल्ली: साल 2026 की शुरुआत भारतीय उपभोक्ताओं के लिए बड़ी राहत लाएगी। पेट्रोलियम और प्राकृतिक गैस नियामक बोर्ड (PNGRB) ने टैरिफ में सुधार की घोषणा की है। जिससे देशभर में सीएनजी (CNG ) और पीएनजी (PNG) की कीमतों में 2 से 3 रुपये प्रति यूनिट की कमी आ सकती है।
देशभर में CNG और PNG ग्राहकों के लिए जोन 1 लागू
नए नियम के मुताबिक अब देशभर के CNG और घरेलू PNG ग्राहकों के लिए जोन 1 लागू होगा। इसके लिए रेट 54 रुपये तय किया गया है। यह पहले 80 रुपये और 107 रुपये तक हुआ करता था। इस बदलाव से आम आदमी की जेब पर पड़ने वाला बोझ 2 से 3 रुपये तक कम हो सकता है। इससे CNG और घरेलू PNG की अनुमानित डिलीवरी लागत कम होगी।

हमारा काम उपभोक्ताओं-ऑपरेटरों दोनों के हितों को संतुलित करना
PNGRB के सदस्य ए.के. तिवारी ने अपने एक इंटरव्यू में कहा है कि गैस वितरण के स्ट्रक्चर को सरल बनाया गया है। पहले टैरिफ दूरी के हिसाब से तीन जोन में बंटा था। इसे घटाकर दो जोन कर दिया गया है। उन्होंने कहा कि हमारा काम उपभोक्ताओं और ऑपरेटरों दोनों के हितों को संतुलित करना है। हम इसकी निगरानी करेंगे कि कंपनियां कीमतों में कमी करें। कई राज्यों ने वैल्यू एडेड टैक्स (VAT) को कम किया है। जिससे गैस इंफ्रास्ट्रक्चर का विस्तार पूरे देश में तेजी से हो रहा है।
यह नया टैरिफ स्ट्रक्चर भारत की 40 सिटी गैस डिस्ट्रीब्यूशन (CGD) कंपनियों के तहत आने वाले 312 भौगोलिक क्षेत्रों को कवर करेगा। इस फैसले से CNG पर चलने वाली कारों, ऑटो और बसों का खर्च घटेगा। घरों में इस्तेमाल होने वाली PNG सस्ती होगी। PNGRB का साफ कहना है कि टैरिफ में कटौती का पूरा लाभ उपभोक्ताओं को मिलना चाहिए।











