उत्तर प्रदेश के कन्नौज में आदर्श इंटर कॉलेज ठठिया की यातायात जागरूकता गोष्ठी में उप निरीक्षक आफाक खान द्वारा इस्लामिक नसीहत देने का वीडियो वायरल होने पर बजरंग दल ने शिकायत की। पुलिस अधीक्षक ने दरोगा को पुलिस लाइन से संबद्ध कर जांच शुरू की।
उत्तर प्रदेश के कन्नौज जनपद में उत्तर प्रदेश पुलिस के उप निरीक्षक आफाक खान को पुलिस लाइन से संबद्ध कर दिया गया है। हिंदू संगठनों में दरोगा आफाक खान की शिकायत पुलिस अधीक्षक से की थी। इसके बाद पुलिस अधीक्षक ने कार्रवाई करते हुए दरोगा आफाक खान को पुलिस लाइन से संबद्ध कर दिया है।
कन्नौज जनपद के आदर्श इंटर कॉलेज ठठिया में यातायात जागरूकता पर गोष्ठी का आयोजन किया गया था। उप निरीक्षक आफाक खान इस गोष्ठी में संबोधन देने गए थे। आफाक खान, यातायात से संबंधित नियम आदि को बताते-बताते मजहबी नसीहत देने लगे। इसका वीडियो वायरल होने लगा। इसके बाद बजरंग दल के जिला सह संयोजक चेतन बजरंगी एवं अन्य कार्यकर्ताओं ने पुलिस अधीक्षक कन्नौज को ज्ञापन सौंपा।
पुलिस अधीक्षक को यह बताया कि गत 9 दिसंबर को आदर्श इंटर कॉलेज ठठिया में ट्रैफिक के उप निरीक्षक आफाक खान गोष्ठी में संबोधन कर रहे थे। इस दौरान आफाक खान छात्र छात्राओं को इस्लामिक बातें बताने लगे। यह वीडियो क्लिप सोशल मीडिया पर भी वायरल हो रहा है। इससे तमाम लोगों की धार्मिक भावनाएं आहत हो रही है। शिकायत के संज्ञान में आने के बाद पुलिस अधीक्षक ने आफाक खान को पुलिस लाइन से संबद्ध कर दिया और इस संबंध में अपर पुलिस अधीक्षक को जांच सौंप गई है।














