कोलकाता । मुर्शिदाबाद के भरतपुर से टीएमसी से निलंबित विधायक हुमायूं कबीर ने पश्चिम बंगाल में बाबरी नाम से मस्जिद का शिलान्यास आखिरकार कर ही दिया। हुमायूं ने पहले ही कहा था कि जिस दिन अयोध्या में बाबरी मस्जिद (ढांचा था) गिराई गई थी, उसी तारीख पर यानी 6 दिसंबर 2025 को मुर्शिदाबाद के बेलडांगा में वे बाबरी मस्जिद का शिलान्यास करेंगे। उनके समर्थकों ने मुर्शिदाबाद में कई जगहों पर शिलान्यास के पोस्टर भी लगाए।
मुर्शिदाबाद जिले के अल्पसंख्यक बाहुल्य बेलडांगा इलाके में प्रस्तावित बाबरी मस्जिद के लिए 300 करोड़ का बजट तैयार है। निलंबित तृणमूल कांग्रेस विधायक हुमायूं कबीर ने शनिवार दोपहर मस्जिद का शिलान्यास करते हुए यह दावा किया। उनका कहना है कि यहां बनने वाली मस्जिद अयोध्या की उस मूल संरचना की तर्ज पर होगी जिसे 6 दिसम्बर, 1992 को ढहा दिया गया था।
उन्होंने कहा कि बाबरी मस्जिद हर हाल में यहीं बनेगी और कोई इसे रोक नहीं पाएगा क्योंकि यह अल्पसंख्यक समाज के सम्मान का सवाल है। कार्यक्रम में उन्होंने दोहराया कि वह 22 दिसम्बर को अपनी नई राजनीतिक पार्टी की घोषणा करेंगे और उसी दिन पदाधिकारियों के नाम भी बताएंगे। उसके पहले सोमवार 8 दिसंबर को वह विधायक पद से इस्तीफा देंगे।
कबीर पहले भी यह ऐलान कर चुके हैं कि उनकी प्रस्तावित पार्टी 2026 के विधानसभा चुनाव में उम्मीदवार उतारने की तैयारी कर रही है और अल्पसंख्यक बहुल सीटों पर खास ध्यान देगी।

















