हम सभी जानते हैं कि आधार कार्ड हमारी पहचान से जुड़ा बहुत जरूरी दस्तावेज है। किसी सरकारी काम में जाना हो, बैंक का काम हो, सिम कार्ड लेना हो या स्कूल, कॉलेज में एडमिशन कराना हो, हर जगह आधार कार्ड मांगा जाता है। इसमें हमारा नाम, पता, जन्मतिथि, पिता/पति का नाम और आधार नंबर जैसी जानकारी होती है। लेकिन अब इस आधार कार्ड के डिजाइन और फॉर्मेट में बड़ा बदलाव किया जा सकता है।
भारतीय विशिष्ट पहचान प्राधिकरण यानी UIDAI आधार कार्ड को और अधिक सुरक्षित बनाने की योजना पर काम कर रहा है। आने वाले समय में आपका आधार कार्ड पहले की तरह नहीं दिखेगा। उसमें बहुत कम जानकारी होगी ताकि किसी भी व्यक्ति को यह कार्ड देखकर आपकी निजी जानकारी पता न चल सके।
क्या-क्या बदलेगा- नए आधार कार्ड में केवल आपका नाम और क्यूआर कोड दिखाने का प्रस्ताव है। आधार नंबर कार्ड पर प्रिंट नहीं होगा, पता, जन्मतिथि, पिता/पति का नाम जैसी निजी जानकारी नहीं होगी, कार्ड को देखकर कोई व्यक्ति आपकी अन्य महत्वपूर्ण डिटेल्स नहीं जान पाएगा, आपका नाम कार्ड पर रहेगा, लेकिन बाकी की जानकारी क्यूआर कोड में छुपी होगी। जब जरूरत होगी तभी क्यूआर कोड स्कैन करके जानकारी सुरक्षित तरीके से हासिल की जा सकेगी। आज के समय में जब आप किसी दफ्तर या संस्था में आधार कार्ड की फोटोकॉपी जमा करते हैं, तो उस कॉपी पर आपकी सभी जानकारी लिखी होती है। इससे गलत हाथों में जाने पर निजी जानकारी के दुरुपयोग का खतरा बना रहता है। यूआईडीएआई के सीईओ भुवनेश कुमार ने एक ऑनलाइन कॉन्फ्रेंस में बताया कि इसी जोखिम को कम करने के लिए आधार कार्ड के नए और सुरक्षित डिज़ाइन पर काम किया जा रहा है। नए आधार नियम लागू होने के बाद किसी को फोटोकॉपी देने पर आपकी अन्य जानकारी छिपी रहेगी। जिसे जितनी जानकारी की जरूरत होगी सिर्फ वही शेयर की जाएगी। आपकी पूरी जानकारी पर कंट्रोल सिर्फ आपका होगा। इससे कार्ड की कॉपी के गलत इस्तेमाल की संभावना लगभग खत्म हो जाएगी।यूआईडीएआई एक नया डिजिटल ऐप लाने की तैयारी में है। इसके जरिए आप अपनी जानकारी को नियंत्रित कर सकेंगे- पूरी जानकारी शेयर करनी है या सिर्फ नाम, किस संस्था को कौन सी जानकारी देनी है, सब कुछ आप अपनी मर्जी से चुन सकेंगे। यूआईडीएआई इस प्लान को अगले साल दिसंबर 2025 में लागू कर सकता है। योजना पर तेजी से काम चल रहा है और जल्द ही देशभर में नए आधार कार्ड जारी किए जा सकते हैं।
यह भी पढ़ें- UIDAI: Aadhaar Card में मोबाइल नंबर अपडेट करें घर बैठे, जानिए कैसे
आम लोगों को क्या फायदा- आपकी निजी जानकारी पूरी तरह सुरक्षित, कोई फोटोकॉपी का गलत इस्तेमाल नहीं कर पाएगा, पहचान दिखाने में सुविधा, डिजिटली आधार शेयर करना आसान।














