क्या आपको पता है कि अगर आपके बैंक अकाउंट में एक भी रुपया नहीं है, तब भी आप पैसे निकाल सकते हैं? सुनकर अजीब लगता है, लेकिन ये बिल्कुल सच है। यह सुविधा प्रधानमंत्री जनधन योजना (PMJDY) के तहत खुलने वाले खातों में मिलती है। अगर आपका भी जनधन अकाउंट है, तो आप जरूरत पड़ने पर 10,000 रुपये तक निकाल सकते हैं। आइए, इस सुविधा के बारे में विस्तार से समझते हैं। प्रधानमंत्री जनधन योजना सरकार की एक बेहद उपयोगी योजना है, जिसमें आम लोगों के लिए जीरो बैलेंस वाला बैंक अकाउंट खोला जाता है। इसकी खास बात ये है कि इसमें पैसे रखने की कोई बाध्यता नहीं है। भले ही आप खाते में बैलेंस न रखें फिर भी आपका खाता चलता रहेगा।
जीरो बैलेंस पर भी कैसे मिलते हैं पैसे- जनधन अकाउंट धारकों को ओवरड्राफ्ट सुविधा मिलती है। ओवरड्राफ्ट का मतलब है अगर आपके खाते में पैसे नहीं हैं, फिर भी आप बैंक से राशि निकाल सकते हैं। यह बैंक की तरफ से थोड़े समय के लिए दिया जाने वाला “उधार” होता है। इस योजना में पहले 2,000 रुपये तक का ओवरड्राफ्ट मिलता था, जिसे बाद में बढ़ाकर 10,000 रुपये कर दिया गया है। यानी इमरजेंसी में आप बिना बैलेंस के भी 10,000 रुपये निकाल सकते हैं। जब आपके खाते में पैसे आएंगे तो आपको बैंक को उधार ली गई राशि वापस करनी होगी। इस धनराशि पर हल्का ब्याज भी लगाया जाता है लेकिन फायदा ये है कि जरूरत के वक्त आपको तुरंत मदद मिल जाती है।
ओवरड्राफ्ट सुविधा पाने की शर्तें- खाता 6 महीने या उससे ज्यादा पुराना होना चाहिए, खाते में लेन-देन होते रहना चाहिए, खाता आधार से लिंक होना जरूरी है, पहले ओवरड्राफ्ट लेते समय अच्छा रिकॉर्ड होना चाहिए।प्रधानमंत्री जनधन योजना का मकसद है कि देश का हर व्यक्ति बैंकिंग सेवाओं से जुड़ सके। इमरजेंसी में जब जेब खाली हो और तुरंत पैसों की जरूरत पड़े, तब यह योजना बहुत मददगार साबित होती है। अगर आपका भी जनधन अकाउंट है, तो आप इस सुविधा का फायदा आसानी से उठा सकते हैं और यदि अब तक नहीं खुलवाया है, तो नजदीकी बैंक में जाकर फ्री में खाता खुलवाएं और सरकारी सुविधाओं का लाभ उठाएं।












