भारत में संगीत की दुनिया में हमेशा से ही बॉलीवुड और पंजाबी गानों का बोलबाला रहा है। लेकिन एक ऐसा भक्ति गीत है जिसने सभी रिकॉर्ड तोड़ दिए हैं- टी-सीरीज की ‘श्री हनुमान चालीसा’। यह वीडियो अब तक की पहली और एकमात्र यूट्यूब अपलोड बन गई है जिसे 5 बिलियन से ज्यादा बार देखा गया।
भक्ति का जादू- ‘श्री हनुमान चालीसा’ का महत्व केवल व्यूज में ही नहीं, बल्कि लोगों के दिलों में भी है। यह गीत भक्तों के लिए मानसिक शांति और आस्था का प्रतीक बन गया है। इसे सुनकर लोग अपने जीवन की परेशानियों और तनाव से राहत महसूस करते हैं। 14 साल पहले जब यह वीडियो अपलोड हुआ था, शायद किसी ने भी यह नहीं सोचा होगा कि यह इतना बड़ा डिजिटल हिट बनेगा। आज यह वीडियो न केवल बॉलीवुड और पंजाबी हिट गानों को पीछे छोड़ चुका है, बल्कि दुनिया भर में सबसे ज्यादा देखे जाने वाले भारतीय वीडियो की सूची में शीर्ष पर है। इस रिकॉर्ड के पीछे टी-सीरीज का नाम है। गुलशन कुमार द्वारा स्थापित यह म्यूज़िक कंपनी भारतीय संगीत जगत में एक मिसाल है। उन्होंने भक्ति संगीत को आम जनता तक पहुँचाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई। ‘श्री हनुमान चालीसा’ इस दिशा में उनकी सबसे बड़ी उपलब्धि है।
‘श्री हनुमान चालीसा’ यूट्यूब पर 20 मिलियन से ज़्यादा लाइक्स पा चुकी है। इस वीडियो में गुलशन कुमार नज़र आते हैं। इसे हरिहरन ने गाया है और संगीत ललित सेन ने दिया है। टी-सीरीज़ ने 5 बिलियन व्यूज़ पूरे होने पर फैंस का धन्यवाद किया और कहा— “आपके प्रेम और विश्वास से हनुमान चालीसा भारत का पहला वीडियो बन गया है जिसने 5 बिलियन व्यूज़ का रिकॉर्ड बनाया है।”

















