भारतीय विशिष्ट पहचान प्राधिकरण (UIDAI) बहुत जल्द एक नया आधार ऐप (New Aadhaar App) लॉन्च करने जा रहा है। यह ऐप देश के करोड़ों आधार धारकों के लिए बेहद उपयोगी साबित होगा, क्योंकि इसके जरिए बिना इंटरनेट कनेक्शन के भी सुरक्षित और पेपरलेस पहचान सत्यापन किया जा सकेगा। यह सुविधा खासकर उन लोगों के लिए वरदान साबित होगी जो दूर-दराज के इलाकों में रहते हैं या जिनके पास हर समय इंटरनेट उपलब्ध नहीं होता। यूआईडीएआई के अधिकारियों के मुताबिक नया ऐप पूरी तरह आधुनिक तकनीक पर आधारित होगा और इसमें सुरक्षा को सबसे ज्यादा महत्व दिया गया है। ऐप में मौजूद ऑफलाइन वेरिफिकेशन फीचर लोगों को यह सुविधा देगा कि वे अपनी जानकारी किसे और कितनी दें, इसका फैसला खुद कर सकें।
बिना इंटरनेट पहचान सत्यापन की सुविधा- इस नए आधार ऐप की सबसे खास बात यही है कि यह पूरी तरह ऑफलाइन काम करेगा। यानी अगर आपके पास इंटरनेट न भी हो, तब भी होटल में चेक-इन, रेजिडेंशियल सोसाइटी में प्रवेश, ट्रैवल से जुड़ी पहचान जांच, किसी कार्यक्रम या इवेंट में एंट्री सब कुछ आसानी और तेजी से किया जा सकेगा। ऐप में मौजूद फेस वेरिफिकेशन फीचर आपके चेहरे को स्कैन करके आपकी पहचान की पुष्टि करेगा। इससे पहचान प्रक्रिया बेहद सरल हो जाएगी और पेपर या फिजिकल आधार कार्ड की ज़रूरत नहीं पड़ेगी।
यूजर को मिलेगा अपने डेटा पर पूरा अधिकार- नए आधार ऐप में प्राइवेसी और सुरक्षा पर विशेष ध्यान दिया गया है। अब यूजर अपनी जानकारी खुद नियंत्रित कर सकेगा। ऐप में एक विकल्प मिलेगा जिसमें आप चुन सकेंगे कि आप पूरी आधार जानकारी शेयर करना चाहते हैं या केवल नाम, फोटो, पता जैसी कुछ चुनिंदा जानकारी ही साझा करना चाहते हैं। इससे अनावश्यक डेटा शेयर होने का खतरा नहीं रहेगा और आपकी गोपनीयता पूरी तरह सुरक्षित रहेगी।
यह भी पढ़ें- UIDAI: Aadhaar में मोबाइल नंबर अपडेट अब और आसान, सिर्फ एक फिंगरप्रिंट में पूरी होगी प्रक्रिया
क्यूआर कोड आधारित वेरिफिकेशन- ऐप में एक तेज और सुरक्षित QR कोड वेरिफिकेशन सिस्टम भी होगा। किसी भी व्यक्ति या संस्था द्वारा QR कोड स्कैन करते ही आपकी पहचान कुछ ही सेकंड में सत्यापित हो जाएगी। यह तरीका न केवल सुरक्षित है बल्कि डिजिटल धोखे की संभावना भी कम कर देता है। यूआईडीएआई ने बायोमेट्रिक सुरक्षा को और मजबूत किया है। नए ऐप में यूजर एक क्लिक में अपना बायोमेट्रिक लॉक कर सकेंगे, आवश्यकता पड़ने पर उसी तेजी से अनलॉक कर सकेंगे। इस सुविधा के चलते बायोमेट्रिक डेटा से जुड़े किसी भी तरह के दुरुपयोग की संभावना लगभग खत्म हो जाएगी। नई सुविधा के तहत एक यूजर अपने परिवार के अधिकतम 5 सदस्यों के आधार विवरण को एक ही ऐप में मैनेज कर सकेगा। यह फीचर खासकर माता-पिता, बुजुर्गों और बच्चों के आधार से जुड़े काम संभालने में बेहद मददगार होगा।
मोबाइल नंबर और पता अपडेट करना होगा आसान- यूआईडीएआई इस ऐप के जरिए आधार से जुड़ी अपडेट सेवाओं को भी सरल बना रहा है। इसमें मोबाइल नंबर बदलना, पता अपडेट करवाना, पहले से कहीं अधिक आसान और कम समय में हो सकेगा। यूआईडीएआई के सीईओ भुवनेश कुमार ने कहा कि यह नया ऐप देश के नागरिकों को अपने डेटा और पहचान पर अधिक नियंत्रण देगा। इससे न केवल लोगों की गोपनीयता बढ़ेगी, बल्कि पहचान सत्यापन की प्रक्रिया भी तेज, सुरक्षित और सुविधाजनक हो जाएगी। अब तक ऐप की आधिकारिक लॉन्च तारीख घोषित नहीं हुई है लेकिन सूत्रों के अनुसार यह ऐप बहुत जल्द आम लोगों के लिए उपलब्ध होने वाला है। इस ऐप के आने से आधार धारकों के लिए पहचान से जुड़े कई काम और भी सरल हो जाएंगे और यह पहल डिजिटल इंडिया की दिशा में एक बड़ा कदम मानी जा रही है।














