अल्मोड़ा जिले के सल्ट ब्लॉक में गवर्नमेंट हायर सेकेंडरी स्कूल, डभरा से बड़ी मात्रा में संदिग्ध विस्फोटक सामग्री बरामद की गई। 161 सिलेंडर जैसी जिलेटिन की छड़ें झाड़ियों में छिपाई गई थीं। यह घटना तब सामने आई जब स्कूल के एक्टिंग प्रिंसिपल सुभाष सिंह ने झाड़ियों में संदिग्ध पैकेट देखे। उन्होंने तत्काल पुलिस को सूचना दी। एडिशनल सब-इंस्पेक्टर दीवान सिंह बिष्ट और एडिशनल सब-इंस्पेक्टर लोमेश कुमार अपनी टीम के साथ मौके पर पहुंचे और इलाके को घेर लिया।
उधम सिंह नगर और नैनीताल जिलों से BDS और डॉग स्क्वायड मौके पर पहुंचे। डॉग मौली और रैम्बो की मदद से विस्तृत तलाशी अभियान चलाया गया। तलाशी में पहले स्थान से कुछ पैकेट और लगभग 15-20 फीट आगे दूसरे स्थान से और पैकेट बरामद हुए। कुल 161 पैकेट बरामद हुए। बम निरोधक दस्ते ने सभी पैकेट एकत्र कर सुरक्षित स्थान पर रखे और सील पैक कर दिए। तो वहीं जिले के एसपी देवेंद्र पींचा ने ने बताया कि पूरे अभियान की वीडियोग्राफी ई-साक्ष्य ऐप के माध्यम से की गई और मौके पर ही बरामदगी की फर्द तैयार की गई। पुलिस ने इस संबंध में धारा 4(क) विस्फोटक पदार्थ अधिनियम 1908 एवं 288 बीएनएस में अज्ञात के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। विस्फोटक सामग्री स्कूल परिसर तक कैसे पहुंची? किसने और क्यों यहां छिपाई ? यह बड़ा सवाल है। स्कूल परिसर की झाड़ियों में विस्फोटक मिला है। किसने रखा, जांंच की जा रही है। जल्द ही खुलासा किया जाएगा।
इस बीच, शक है कि इन विस्फोटकों का इस्तेमाल पहाड़ी सड़कों को ब्लॉक करने के लिए किया जाता है। हालांकि, यह पता लगाने के लिए जांच चल रही है कि वे स्कूल की झाड़ियों में कैसे और क्यों पहुंचे। दिल्ली बम धमाकों के बाद पुलिस प्रशासन विस्फोटक सामग्री को लेकर लगातार अलर्ट पर है।

















