आज के समय में आधार कार्ड सिर्फ एक पहचान पत्र नहीं, बल्कि रोजमर्रा की कई जरूरी सेवाओं की कुंजी बन चुका है। बैंक अकाउंट खोलना हो, सरकारी योजनाओं का लाभ लेना हो, गैस सब्सिडी, पेंशन, PAN-Aadhaar लिंक या इनकम टैक्स रिटर्न फाइल करना- हर जगह आधार से जुड़े OTP की जरूरत पड़ती है। यह OTP आपके आधार में दर्ज मोबाइल नंबर पर ही आता है। लेकिन दिक्कत तब होती है जब आपका पुराना मोबाइल नंबर बंद हो जाए, खो जाए या आप उसे इस्तेमाल ही न कर रहे हों। ऐसे में आधार से जुड़ा कोई भी ऑनलाइन काम करना मुश्किल हो जाता है। इसलिए नया मोबाइल नंबर आधार में अपडेट करवाना बेहद जरूरी है। आइए आसान भाषा में जानें पूरा तरीका।
ऑनलाइन मोबाइल नंबर क्यों नहीं बदला जा सकता- UIDAI ने सुरक्षा कारणों से मोबाइल नंबर को ऑनलाइन बदलने की सुविधा बंद कर दी है। अगर यह सुविधा ऑनलाइन होती, तो कोई भी व्यक्ति बिना आपकी अनुमति के आपका मोबाइल नंबर बदल सकता था। इसी वजह से नया नंबर जोड़ने के लिए बायोमेट्रिक वेरिफिकेशन जरूरी है, जो सिर्फ आधार सेवा केंद्र पर होता है।
नया मोबाइल नंबर ऐसे करें अपडेट- UIDAI की वेबसाइट पर जाएं और अपने राज्य, जिला या पिनकोड डालकर नजदीकी आधार नामांकन केंद्र खोजें। केंद्र पहुंचने पर Aadhaar Update Form मिलेगा। इसमें अपना नाम, आधार नंबर और नया मोबाइल नंबर लिखें। पुराना नंबर लिखने की जरूरत नहीं है। फॉर्म जमा करने के बाद अधिकारी आपके फिंगरप्रिंट और आईरिस स्कैन लेकर पहचान की पुष्टि करते हैं। मोबाइल नंबर अपडेट करने की सरकारी फीस 50 रुपये है। फीस जमा करने के बाद आपको एक रसीद मिलेगी जिसमें URN नंबर लिखा होगा।
अपडेट स्टेटस ऐसे चेक करें- UIDAI की वेबसाइट पर जाकर Check Aadhaar Update Status में URN डालें। इससे पता चल जाएगा कि आपका नंबर अपडेट हुआ है या नहीं। अक्सर अपडेट 24 घंटे से 5 दिन में हो जाता है, लेकिन UIDAI के अनुसार इसमें 90 दिन तक भी लग सकते हैं। इस तरह कुछ आसान स्टेप्स में आप अपना नया मोबाइल नंबर फिर से आधार से लिंक कर सकते हैं और सभी ऑनलाइन सेवाओं का बिना किसी परेशानी के फायदा उठा सकते हैं।













