नोएडा एलिवेटेड रोड को आज से एक सप्ताह के लिए ट्रायल के रूप में आम जनता के लिए खोल दिया गया है। लगभग 5.5 किलोमीटर लंबी यह सड़क अगाहपुर गांव से भंगेल गांव तक बनाई गई है। तीन महीने पहले पूरी तरह तैयार होने के बावजूद नोएडा विकास प्राधिकरण मुख्यमंत्री से उद्घाटन करवाने की प्रतीक्षा में इसे खोल नहीं रहा था। लेकिन अब इसे ट्रायल पर शुरू कर दिया गया। प्राधिकरण ने रोड को एक सप्ताह के लिए खोलने का निर्णय लिया।
पुलिस और प्रशासन ने स्थिति को नियंत्रित किया
पुलिस उपायुक्त यमुना प्रसाद ने कहा कि नोएडा ट्रैफिक अपडेट के तहत एलिवेटेड रोड पर भारी पुलिस बल तैनात किया गया। बातचीत के बाद प्राधिकरण ने ट्रायल शुरू करने की घोषणा की, जिससे किसान संगठनों सहित अन्य स्थानीय लोगों संतुष्ट हुए। पुलिस के अनुसार कानून व्यवस्था सामान्य है और किसी तरह की अशांति नहीं है।
भंगेल एलिवेटेड रोड से लाखों लोगों को राहत
करीब तीन महीनों से तैयार यह रोड न खुल पाने के कारण लोगों को 10–12 किलोमीटर का अतिरिक्त चक्कर लगाना पड़ रहा था। नोएडा एलिवेटेड रोड शुरू होने से नोएडा से ग्रेटर नोएडा के सूरजपुर की ओर सफर आसान होगा। यह रोड सेक्टर 41 आगाहपुर से एनएसईजेड फेज-2 तक बनाया गया है, हालांकि नाले पर पुलिया की चौड़ाई अभी भी कम है और यहां जाम लगने की आशंका है।
निर्माण में देरी और अब उद्घाटन में भी विलंब
इस परियोजना का काम जून 2020 में शुरू हुआ था और इसे दिसंबर 2022 तक तैयार होना था। निर्माण कार्य सेतु निगम द्वारा किया गया। स्थानीय लोगों का कहना है कि निर्माण में देरी हुई और अब तैयार होने के बाद भी नोएडा विकास प्राधिकरण इसे समय पर नहीं खोल रहा था, जिससे लाखों लोगों को परेशानी झेलनी पड़ी।
















