यूपी के मऊ जिले कोतवाली क्षेत्र के परदहां (जजेस कॉलोनी बगल) निवासी विशाल को प्रेमजाल में फंसाकर सुनैना परवीन असम ले गई और वहां पर जबरदस्ती कन्वर्जन कराया। यह भी आरोप है कि मस्जिद में ले जाकर युवक को नमाज पढ़वाई और फिर उसके बाद निकाह कराया गया।
आरोप है कि हिंदू युवक विशाल का कन्वर्जन कराकर प्रताड़ित किया गया। उसके बाद विशाल घर लौट आया। उसके बाद मुस्लिम युवती सुनैना के परिवार वालों ने विशाल के साथ मारपीट की। विशाल ने जनपद न्यायालय में एफआईआर दर्ज करने के लिए गुहार लगाई। न्यायिक मजिस्ट्रेट के आदेश पर पुलिस ने बुधवार की शाम सात आरोपियों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर लिया। सभी आरोपी अंबेडकर नगर जनपद के मुरादपुर गांव के निवासी हैं।
कोर्ट में दिये गये प्रार्थना पत्र के माध्यम से दर्ज मुकदमे के अनुसार, पीड़ित की मां रिंकी सिंह ने बताया है कि उनका बेटा विशाल सिंह वर्ष 2022 में मऊ शहर के आजमगढ़ मोड़ स्थित डेंटल क्लीनिक में काम करता था। उस समय वहां अंबेडकर नगर जनपद के मुरादपुर गांव की सुनैना परवीन, विशाल को अपने गांव लेकर चली गई थी।
आरोप है कि दो साल अंबेडकर नगर में बेटे को प्रताड़ित करने के बाद सुनैना अपने घर वालों के साथ विशाल को लेकर अपने नानी के यहां असम चली गई। वहां सुनैना के पिता फिरोज अहमद, उसके रिश्तेदार राजू शेख, समीर शेख, मौलाना सलमान ने जबरदस्ती विशाल का कन्वर्जन कराकर ‘खतना’ करा दिया। विशाल के साथ ‘निकाह’ कराकर मस्जिद में नमाज पढ़वाई गई। इस पूरी प्रक्रिया का आरोपियों ने वीडियो बना लिया है। प्रताड़ना से तंग आकर विशाल वहां से भागकर घर चला आया।
अपर पुलिस अधीक्षक अनूप कुमार ने बताया कि इसमें एक पीड़ित का नाम विशाल सिंह है। ये एक डेंटल क्लीनिक पर काम करता था। इसकी विस्तृत जांच की जा रही है कि किन परिस्थितियों में लड़की के परिजनों ने इस पर दबाव डालकर इसका कन्वर्जन कराया। इसमें जो लोग भी दोषी होंगे उनके विरुद्ध आवश्यक वैधानिक कार्रवाई की जाएगी। इसमें अभियोग पंजीकृत हो गया है।

















