भुवनेश्वर। ओडिशा के भद्रक और जगतसिंहपुर जिलों में गौ-तस्करी और अवैध गौ-हत्या से जुड़े दो अलग-अलग मामले सामने आने के बाद स्थानीय लोगों में भारी आक्रोश फैल गया है। भद्रक में जहां पिकअप वैन से 18 गायों को दयनीय स्थिति से मुक्त कराया गया, वहीं जगतसिंहपुर में अवैध रूप से काटे गए गौमांस के साथ तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया गया है। दोनों घटनाओं ने प्रशासन की कार्रवाई और सतर्कता को लेकर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं।
भद्रक में गौ-तस्करी का खुलासा, दयनीय हालत में मिलीं 18 गायें
सूत्रों के अनुसार, भद्रक जिले के धामनगर प्रखंड के धुसुरी थाना क्षेत्र में एक पिकअप वैन से अवैध रूप से 18 गायों को ले जाया जा रहा था। वाहन बारिकपुर की ओर से आ रहा था और लंबे समय से गौ-तस्करी पर नजर रख रहे स्थानीय गौरक्षक कार्यकर्ताओं को इसकी जानकारी मिल चुकी थी। गायों से ठूंसे हुए वाहन को पकड़ने की कोशिश में लगे कार्यकर्ताओं ने उसका पीछा किया, लेकिन वैन गोविंदपुर पंचायत के बाजार के पास कोरुआ नहर के समीप अचानक मिट्टी में धंस गई। स्थिति को भांपते हुए चालक मौके से फरार हो गया। स्थानीय कार्यकर्ता तुरंत घटनास्थल पर पहुंचे और पुलिस को सूचना दी।
धुसुरी थाना प्रभारी अजय सुदर्शन बागे अपनी टीम के साथ तुरंत मौके पर पहुंचे और वाहन को जब्त करते हुए सभी 18 गायों को मुक्त कराया। पुलिस और स्थानीय लोगों के अनुसार, वैन में अत्यंत अमानवीय परिस्थितियों में गायों को ठूंसकर ले जाया जा रहा था। कई गायें घायल थीं और अत्यधिक तनाव व ऑक्सीजन की कमी के कारण दो गायों की मौके पर ही मौत हो गई। बरामद गायों में कुछ खुले में विचरण करने वाले सांड भी शामिल पाए गए। छुड़ाये गये गायों को स्थानीय गोशाला में भेजा गया है । स्थानीयों में बढ़ा आक्रोश, प्रशासन पर लापरवाही का आरोप दो गायों की मौत की खबर फैलते ही क्षेत्र में भारी रोष फैल गया। स्थानीय लोगों का आरोप है कि भद्रक जिले में लगातार गौ-तस्करी के मामले सामने आ रहे हैं, लेकिन प्रशासन इस पर कोई ठोस और प्रभावी कार्रवाई नहीं कर रहा।
गौतस्करी के खिलाफ कानून, अनुपालन में कमी
गौरक्षक कार्यकर्ताओं ने कहा कि राज्य में गौ-तस्करी रोकने के लिए स्पष्ट कानून मौजूद हैं, लेकिन उनके अनुपालन को लेकर अधिकारियों में गंभीरता की कमी है। उन्होंने कहा कि हाल ही में ओडिशा हाईकोर्ट ने राज्य सरकार को सख्त निर्देश दिए थे कि गौ-तस्करी और गौ-हत्या पर प्रभावी रोक लगाने के लिए कठोर कदम उठाए जाएं। इसके बावजूद जमीनी स्तर पर स्थिति जस की तस बनी हुई है। जगतसिंहपुर में गौमांस बरामद, तीन आरोपी गिरफ्तार इधर, जगतसिंहपुर जिले के बालिकुदा थाना क्षेत्र में काठगोला चौक के पास अवैध रूप से गाय काटे जाने की सूचना मिलने पर सैकड़ों स्थानीय लोग मौके पर इकट्ठा हो गए और जोरदार विरोध प्रदर्शन किया।
स्थिति तनावपूर्ण होती देख पुलिस टीम मौके पर पहुंची और भीड़ को समझाने की कोशिश की। बाद में हालात सामान्य हुए। स्थानीय लोगों ने थाने में जाकर लिखित शिकायत दर्ज कराई। शिकायत के आधार पर पुलिस ने तीन आरोपियों मीर शमशेर, सफेद खान और सईद जकरुद्दीन को गिरफ्तार कर लिया। पुलिस ने मौके से गौमांस भी बरामद किया है। पुलिस अधिकारियों ने आश्वासन दिया है कि सभी आरोपी कानून के तहत कड़ी कार्रवाई का सामना करेंगे, और इस तरह की गतिविधियों पर सख्त निगरानी रखी जाएगी।













