सर्दियों का मौसम अपने साथ कई तरह की दिक्कतें भी लेकर आता है- जैसे कब्ज, सुस्ती, त्वचा का रूखापन और कमजोर प्रतिरक्षा शक्ति। ऐसे में अगर आप रोजाना सुबह खाली पेट भीगी हुई किशमिश खाएं, तो ये छोटी-सी चीज आपके शरीर के लिए बड़े फायदे कर सकती है। आइए जानते हैं कैसे-
पाचन तंत्र दुरुस्त- सर्दियों में पाचन अक्सर धीमा हो जाता है। किशमिश में भरपूर मात्रा में फाइबर होता है, जो कब्ज से राहत दिलाने में मदद करता है। रातभर पानी में भीगने के बाद किशमिश और भी हल्की और पचने में आसान हो जाती है। सुबह खाली पेट इसे खाने से पेट साफ रहता है और गैस या एसिडिटी जैसी समस्या दूर होती है।
इम्यूनिटी मजबूत- ठंड के मौसम में सर्दी-जुकाम जल्दी पकड़ लेता है। किशमिश में मौजूद एंटीऑक्सीडेंट, विटामिन C और आयरन शरीर की प्रतिरक्षा शक्ति को मजबूत बनाते हैं। रोजाना 8-10 भीगी किशमिश खाने से शरीर को संक्रमणों से लड़ने की ताकत मिलती है।
दिल को रखे स्वस्थ- किशमिश में मौजूद पोटैशियम और फाइबर दिल के लिए बेहद फायदेमंद माने जाते हैं। यह शरीर में खराब कोलेस्ट्रॉल को कम करता है और ब्लड प्रेशर को नियंत्रित रखता है। ठंड के मौसम में जब ब्लड सर्कुलेशन थोड़ा धीमा पड़ता है, तब किशमिश दिल की सेहत के लिए एक बेहतरीन प्राकृतिक उपाय बन जाती है।
यह भी पढ़ें- सर्दियों में रोजाना तुलसी का काढ़ा पीने से दूर रहेंगी ये बीमारियां
त्वचा और बालों को बनाए चमकदार- सर्दियों में त्वचा रूखी और बाल बेजान हो जाते हैं। भीगी हुई किशमिश खाने से शरीर में खून की कमी नहीं होती, जिससे चेहरा ग्लो करता है और त्वचा मुलायम बनी रहती है। साथ ही इसमें मौजूद आयरन और एंटीऑक्सीडेंट बालों की जड़ों को मजबूत बनाते हैं और झड़ने से रोकते हैं।
थकान दूर- सर्दियों में अक्सर शरीर सुस्त महसूस करता है। किशमिश में प्राकृतिक शुगर (ग्लूकोज़ और फ्रुक्टोज) होती है, जो तुरंत ऊर्जा देती है। इसके अलावा यह मस्तिष्क को भी सक्रिय रखती है, जिससे मूड अच्छा रहता है और थकान महसूस नहीं होती।
कैसे खाएं- रात को सोने से पहले 8-10 किशमिश एक गिलास पानी में भिगो दें। सुबह खाली पेट इन्हें चबाकर खाएं और ऊपर से वही पानी भी पी लें। लगातार कुछ दिनों तक ऐसा करने से शरीर में सकारात्मक बदलाव महसूस होंगे।
(इस लेख में दी गई जानकारी और सुझावों को अमल में लाने से पहले पाठक किसी डॉक्टर या संबंधित विशेषज्ञ से सलाह जरूर लें।)












