शोपियां(हि.स.)। आतंकी तंत्र और उसके सहयोगी ढांचों को ध्वस्त करने के अपने निरंतर प्रयासों को जारी रखते हुए शोपियां पुलिस ने आज जमात-ए-इस्लामी और जम्मू-कश्मीर नेशनल फ्रंट के सदस्यों और सहयोगियों से जुड़े ज़िले भर में कई जगहों पर व्यापक तलाशी ली।
एक पुलिस प्रवक्ता ने एक बयान में कहा कि ये तलाशी आतंकवाद से जुड़ी गतिविधियों में किसी भी तरह की सहायता चाहे वह सैन्य हो या वित्तीय प्रदान करने में शामिल व्यक्तियों और नेटवर्क की पहचान करने के उद्देश्य से चल रही कार्रवाई का हिस्सा है।
जिले में सुरक्षा ढांचे को मजबूत करने के निरंतर प्रयासों के तहत आज भी विभिन्न स्थानों पर अभियान चलाए जा रहे हैं। शोपियां पुलिस कानून के शासन को बनाए रखने और सार्वजनिक व्यवस्था को बिगाड़ने की कोशिश करने वाले तत्वों के खिलाफ सख्ती से कार्रवाई करके शांतिपूर्ण माहौल बनाए रखने की अपनी प्रतिबद्धता दोहराती है।











