दिल्ली के महिपालपुर इलाके में गुरुवार सुबह करीब साढ़े नौ बजे धमाके की आवाज सुनाई दी। लोगों ने तुरंत फायर ब्रिगेड और पुलिस को सूचना दी। शुरुआत में घटनास्थल रेडिसन होटल के पास बताया गया। सुरक्षा एजेंसियां तुरंत हरकत में आईं। पता चला है कि बस का टायर फटा था।
जानकारी के अनुसार गुरुवार सुबह करीब साढ़े नौ बजे फायर ब्रिगेड के पास कॉल गई थी। दिल्ली पुलिस ने बताया कि एक डीटीसी बस का टायर फटा और इससे ब्लास्ट जैसी आवाज आई। मौके से कुछ भी संदिग्ध नहीं मिला है। एहतियात के तौर पर फायर ब्रिगेड की तीन गाड़ियां मौके पर हैं।
दिल्ली में लाल किला मेट्रो स्टेशन के पास कार विस्फोट के बाद सुरक्षा एजेंसियां हाई अलर्ट मोड पर हैं। पूरे देश में अलर्ट है। हर संदिग्ध गतिविधियों पर नजर रखी जा रही है। जांच में यह भी सामने आ रहा है कि आतंकी बहुत बड़ी घटना को अंजाम देने की फिराक में थे, लेकिन उसमें सफल नहीं हो सके।
दिल्ली में कार विस्फोट मामले में समाचार एजेंसी एएनआई ने सूत्रों के हवाले से बताया कि लगभग आठ संदिग्धों ने चार जगहों पर सिलसिलेवार विस्फोट करने की साजिश रची थी। उनकी योजना दो-दो के समूहों में चार शहरों में जाने की थी। प्रत्येक समूह अपने साथ कई आईईडी ले जाने वाला था।














