फरीदाबाद, (हि.स.)। धौज और फतेहपुर तगा से भारी मात्रा में अमोनियम नाइट्रेट मिलने तथा दिल्ली में हुए बम धमाके के बाद फरीदाबाद पुलिस पूरी तरह से अलर्ट हो गई है। फरीदाबाद पुलिस के 800 कर्मचारी थाना धौज के अंतर्गत आने वाले विभिन्न क्षेत्रों में सर्च अभियान चलाए हुए है। 2900 किलोग्राम विस्फोटक मिलने के बाद मंगलवार को अल-फलाह यूनिवर्सिटी में पुलिस व एनआईए की टीमें पहुंची। लाल किला के पास कार में विस्फोट के बाद जांच बहुत गहनता से की जा रही है।
करीब डेढ़ घंटे तक कर्मचारियों से पूछताछ के बाद एनआईए की टीमें तो लौट गईं लेकिन पुलिस पूरा दिन तैनात रही। पुलिस सूत्रों के मुताबिक, यूनिवर्सिटी की लैब में काम करने वाले तीन कर्मचारियों को पूछताछ के लिए हिरासत में लिया है। इसके साथ ही पुलिस फरीदाबाद के फतेहपुर तगा गांव की मस्जिदों में जांच कर रही है। फरीदाबाद से पकड़ा गया डॉक्टर मुजम्मिल शकील तगा की मस्जिद में नमाज के लिए आता था।
तीन जमातियों से पूछताछ
पुलिस ने मंगलवार को मस्जिद में जम्मू कश्मीर, तमिलनाडु और नूंह से आए जमातियों से भी पूछताछ की। इसके बाद तीन जमातियों को शक के आधार पर हिरासत में लिया गया है। इनकी वॉट्सऐप चैट डिलीट मिली है। इन जमातियों में एक जम्मू-कश्मीर, एक तमिलनाडु, एक उड़ीसा और एक पलवल जिले के हथीन का रहने वाला है। मंगलवार को सेक्टर-56 स्थित डॉक्टर सोहेल खान के क्लिनिक से विस्फोटक मिलने की सूचना है। सूचना के बाद डॉक्टर सोहेल खान फरार हो गया है।
दो संदिग्ध हिरात में
मौके पर पुलिस की क्राइम ब्रांच की टीम भी पहुंची हुई है। क्लीनिक के ऊपर रहने वाले दो संदिग्धों को हिरासत में लेकर पुलिस उनसे पूछताछ कर रही है। मामले में फॉरेंसिक टीम के हाथ कई सबूत लगे हैं। पुलिस आयुक्त फरीदाबाद सतेंद्र गुप्ता ने कहा कि यह ऑपरेशन अभी जारी है मामला संवेदनशील होने के कारण ज्यादा कुछ नहीं बता सकते। सुरक्षा की दृष्टि से पुलिसकर्मियों को ट्रैफिक पुलिस के जवानों के साथ राजमार्ग पर जगह-जगह तैनात किया है। सादा कपड़ों में पुलिसकर्मी शहर में सभी गतिविधियों पर नजर रखे हुए हैं।
ये भी पढ़ें – हर एक दोषी को ढूंढ निकालो: दिल्ली कार ब्लास्ट केस में अमित शाह का एजेंसियों को स्पष्ट आदेश

















