नई दिल्ली । केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह ने मंगलवार को लाल किला के पास हुए कार विस्फोट को लेकर आज उच्च स्तरीय सुरक्षा समीक्षा बैठक की अध्यक्षता की। बैठक में उन्होंने सुरक्षा एजेंसियों को निर्देश दिए कि इस घटना में शामिल हर आरोपी का पता लगाया जाए और जो लोग जिम्मेदार हैं, उन पर सख्त कार्रवाई सुनिश्चित की जाए।
कौन-कौन हुआ बैठक में शामिल
बैठक में केंद्रीय गृह सचिव गोविंद मोहन, इंटेलिजेंस ब्यूरो के निदेशक तापन डेका, राष्ट्रीय जांच एजेंसी (एनआईए) के महानिदेशक सदानंद वसंत डेट, और दिल्ली पुलिस कमिश्नर सतीश गोलछा शामिल हुए। जम्मू-कश्मीर के डीजीपी नलिन प्रभात ने भी वर्चुअली बैठक में भाग लिया।
अमित शाह के निर्देश
बैठक के दौरान अमित शाह ने अधिकारियों से कहा कि जांच में कोई भी पहलू अनदेखा न रहे और यह पता लगाया जाए कि विस्फोट कैसे हुआ और इसके पीछे कौन जिम्मेदार है।
केन्द्रीय गृहमंत्री ने X पर कहा- “दिल्ली कार विस्फोट की समीक्षा बैठक में वरिष्ठ अधिकारियों के साथ। उन्हें निर्देश दिया कि इस घटना में शामिल हर आरोपी का पता लगाया जाए। इस कृत्य में शामिल सभी लोग हमारी एजेंसियों की पूरी कार्रवाई का सामना करेंगे।”
Chaired review meetings on the Delhi car blast with the senior officials. Instructed them to hunt down each and every culprit behind this incident. Everyone involved in this act will face the full wrath of our agencies. pic.twitter.com/8UO2PYCvoh
— Amit Shah (@AmitShah) November 11, 2025
घटना और मौतें
बता दें कि दिल्ली में गौरी शंकर मंदिर के पास लाल किला के नजदीक सोमवार शाम सब्हाष मार्ग ट्रैफिक सिग्नल के पास धीमी गति से चल रही हुंडई i20 कार में भयंकर विस्फोट हुआ। जिसमे 8 लोगों की मौत हुई और कई अन्य घायल हुए।
एनआईए को सौंपी जांच
घटना के संभावित आतंकवादी कृत्य होने के संकेत मिलने पर केंद्रीय एजेंसियां जांच में शामिल की गईं। इसके बाद आज हुई उच्च स्तरीय बैठक के बाद गृह मंत्रालय ने औपचारिक रूप से इस मामले को एनआईए को सौंप दिया। एनआईए अब व्यापक जांच करेगी, जिसमें विस्फोट में उपयोग की गई सामग्री और संभावित आतंकवादी कनेक्शन शामिल होंगे।
सुरक्षा और फॉरेंसिक जांच
दिल्ली लाल किला विस्फोट के बाद कई राज्यों में सुरक्षा बढ़ा दी गई और सभी एजेंसियों को व्यापक जांच के निर्देश दिए गए।
वहीं एनएसजी और फॉरेंसिक साइंस लैब (FSL) टीम ने स्थल से फॉरेंसिक साक्ष्य एकत्र किए। मंगलवार सुबह एनआईए और FSL की संयुक्त टीम ने विस्फोट स्थल पर अतिरिक्त फॉरेंसिक नमूने इकट्ठे किए।
फरीदाबाद विस्फोटक बरामदगी से संबंध की जांच
सुरक्षा समीक्षा में फरीदाबाद से भारी मात्रा में विस्फोटक सामग्री बरामद होने और दिल्ली विस्फोट के संभावित संबंधों पर भी चर्चा हुई। एनआईए जल्द ही FIR दर्ज करेगी और अब तक दिल्ली पुलिस द्वारा एकत्र किए गए सभी साक्ष्यों की जिम्मेदारी संभालेगी।















