नई दिल्ली/रायपुर: छत्तीसगढ़ के उपमुख्यमंत्री विजय शर्मा ने टॉप नक्सल कमांडर हिड़मा की मां से मुलाकात की है। उन्होंने सुकमा जिले के नक्सल प्रभावित इलाके ग्राम पुवर्ती पहुंचकर शीर्ष नक्सली हिड़मा की मां से भेंट की और उन्हें बेटे के आत्मसमर्पण के लिए समझाया। उनके इस मुलाकात की तस्वीरें भी सामने आई हैं। जिसमें वो ग्रामीणों के साथ खाना खाते और नक्सली कमांडर की मां के सामने झुककर अभिनंदन करते हुए दिख रहे हैं।
उपमुख्यमंत्री विजय शर्मा खुद बाइक से पुवर्ती गांव पहुंचे थे। उन्होंने ग्रामीणों के बीच बैठकर भोजन किया और कहा कि सरकार संवाद और विश्वास के रास्ते पर आगे बढ़ रही है।

मीडिया रिपोर्ट के मुताबिक, हिड़मा की मां ने भी अपने बेटे को हिंसा छोड़कर समाज की मुख्यधारा में लौटने की सलाह दी है। उपमुख्यमंत्री विजय शर्मा ने कहा कि सरकार सभी भटके हुए युवाओं को सुधार और सम्मान के साथ जीवन जीने का अवसर देना चाहती है। हिड़मा के पास अब भी समय है। वह जल्द आत्मसमर्पण कर ले ताकि उसके लिए पुनर्वास की प्रक्रिया शुरू की जा सके।











