Delhi Blast: दिल्ली सोमवार की शाम एक बार फिर जोरदार धमाके से दहल उठी। यह हादसा लाल किला मेट्रो स्टेशन के बाहर हुआ, जिसने पूरे इलाके में अफरातफरी मचा दी। लोग कुछ समझ ही नहीं पाए कि आखिर हुआ क्या। शुरुआत में कई लोगों ने इसे सिलेंडर ब्लास्ट बताया लेकिन जल्द ही साफ हो गया कि यह कोई साधारण विस्फोट नहीं, बल्कि बड़ा धमाका था। यह धमाका शाम करीब 6 बजकर 55 मिनट पर हुआ। जानकारी के अनुसार, मेट्रो स्टेशन के गेट नंबर 1 के पास खड़ी एक कार में अचानक तेज धमाका हुआ। धमाके के तुरंत बाद आग की लपटें उठीं और पास में खड़ी तीन से चार अन्य गाड़ियां भी उसकी चपेट में आ गईं। धमाके की आवाज इतनी तेज थी कि आसपास की इमारतों और स्ट्रीट लाइट्स तक को नुकसान पहुंचा।
धमाके के बाद आसपास के लोग जान बचाने के लिए इधर-उधर भागने लगे। सड़क पर भगदड़ मच गई और कई लोग घायल हो गए। प्रत्यक्षदर्शियों का कहना है कि कुछ ही सेकंड में आग इतनी फैल गई कि कारें धू-धू कर जलने लगीं। आसपास के दुकानदारों ने फौरन फायर ब्रिगेड और पुलिस को सूचना दी।
- अब तक की जानकारी के मुताबिक, 11 लोगों की मौत हो चुकी है, जबकि 24 लोग घायल हैं। सभी घायलों को लोक नायक जयप्रकाश (LNJP) अस्पताल में भर्ती कराया गया है। अस्पताल सूत्रों के अनुसार, कुछ घायलों की हालत गंभीर बनी हुई है।
- घटना के बाद दिल्ली पुलिस, फायर ब्रिगेड और बम निरोधक दस्ते की टीमें मौके पर पहुंचीं। आग पर काबू पा लिया गया है, लेकिन धमाके की असली वजह का अभी तक खुलासा नहीं हो सका है। ल्ली पुलिस के उच्च अधिकारी और राष्ट्रीय जांच एजेंसी (NIA) की टीम भी मौके पर पहुंच चुकी है। NIA की फोरेंसिक टीम आसपास से साक्ष्य जुटा रही है।
- दिल्ली के पुलिस कमिश्नर सतीश गोलछा ने पूरी घटना की जानकारी गृहमंत्री अमित शाह को दी है। गृह मंत्रालय लगातार स्थिति पर नजर बनाए हुए है और जांच के आदेश दे दिए गए हैं। वहीं, प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने भी अमित शाह से बात कर घटना की जानकारी ली है।
- इस धमाके के बाद दिल्ली में हाई अलर्ट जारी कर दिया गया है। सभी मेट्रो स्टेशनों, बाजारों और भीड़भाड़ वाले इलाकों में सुरक्षा बढ़ा दी गई है। पुलिस ने आसपास के सभी CCTV कैमरे खंगालने शुरू कर दिए हैं ताकि धमाके से जुड़ी कोई सुराग मिल सके। दिल्ली में हुए इस धमाके के बाद पड़ोसी राज्य उत्तर प्रदेश में भी सतर्कता बढ़ा दी गई है।
- राज्य सरकार ने सभी बड़े धार्मिक स्थलों पर अतिरिक्त पुलिस बल तैनात करने के निर्देश दिए हैं। दिल्ली में हुए धमाके के बाद उत्तर प्रदेश, हरियाणा, बंगाल, महाराष्ट्र और मध्य प्रदेश में भी हाई अलर्ट जारी कर दिया गया है। फिलहाल यह साफ नहीं हो सका है कि यह धमाका आतंकी हमला था या किसी शरारती तत्व की साजिश। जांच एजेंसियां हर पहलू से मामले की पड़ताल कर रही हैं।

















