दिल्ली में शनिवार शाम उस समय अफरा-तफरी मच गई जब लाल किला मेट्रो स्टेशन के गेट नंबर 1 के पास जोरदार विस्फोट हुआ। यह हादसा शाम करीब 6:55 बजे हुआ, जिससे आसपास का इलाका दहशत में आ गया। चश्मदीदों के अनुसार, धमाके के बाद वहां आग लग गई और कई गाड़ियां जलकर खाक हो गईं। दिल्ली में हुए धमाके के बाद उत्तर प्रदेश, हरियाणा, बंगाल, महाराष्ट्र और मध्य प्रदेश में भी हाई अलर्ट जारी कर दिया गया है।
सूत्रों के मुताबिक, 14 घायलों को लोक नायक जय प्रकाश नारायण (LNJP) अस्पताल लाया गया, जिनमें से 11 लोगों की मौत अस्पताल पहुंचने से पहले ही हो गई। तीन लोग गंभीर रूप से घायल हैं जबकि एक व्यक्ति की हालत फिलहाल स्थिर बताई जा रही है। अस्पताल के चिकित्सा अधीक्षक ने ANI से बातचीत में इस बात की पुष्टि की है। विस्फोट की खबर मिलते ही दिल्ली पुलिस, एनएसजी (राष्ट्रीय सुरक्षा गार्ड), एनआईए (राष्ट्रीय जांच एजेंसी) और फोरेंसिक विभाग की टीमें मौके पर पहुंच गईं। घटनास्थल को पूरी तरह घेर लिया गया है और जांच जारी है।
केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह ने घटना की जानकारी मिलते ही दिल्ली पुलिस कमिश्नर से बात की और सभी जरूरी कदम उठाने के निर्देश दिए। गृह मंत्री लगातार आईबी (इंटेलिजेंस ब्यूरो) के निदेशक के संपर्क में हैं और हालात पर नजर रखे हुए हैं। घटना के तुरंत बाद दमकल विभाग की कई गाड़ियां मौके पर पहुंचीं। उप मुख्य अग्निशमन अधिकारी ए.के. मलिक ने बताया, “हमें शाम 6:55 बजे फोन मिला कि लाल किला मेट्रो स्टेशन के गेट नंबर 1 के पास एक गाड़ी में धमाका हुआ है और वहां आग लग गई है। हमारी टीम ने तुरंत कार्रवाई की और 7:29 बजे तक आग पर पूरी तरह काबू पा लिया। फिलहाल हमारी टीम पुलिस के साथ मिलकर जांच में सहयोग कर रही है।” एक स्थानीय निवासी ने ANI को बताया, “जब हमने सड़क पर किसी का हाथ पड़ा देखा, तो हम स्तब्ध रह गए। ऐसा नजारा हमने पहले कभी नहीं देखा था।”
फिलहाल दिल्ली पुलिस ने इलाके को पूरी तरह सील कर दिया है और आसपास की दुकानों व मेट्रो स्टेशन को एहतियातन बंद कर दिया गया है। बम निरोधक दस्ते की टीम ने पूरे क्षेत्र की तलाशी ली है ताकि यह सुनिश्चित किया जा सके कि आसपास कोई और संदिग्ध वस्तु न हो। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि अभी विस्फोट के कारणों का पता नहीं चल पाया है। यह किसी आतंकी साजिश का हिस्सा है या तकनीकी खराबी के कारण हुआ हादसा, इसकी जांच की जा रही है। इस हादसे के बाद दिल्ली में सुरक्षा व्यवस्था कड़ी कर दी गई है। सभी मेट्रो स्टेशनों, भीड़-भाड़ वाले इलाकों और ऐतिहासिक स्थलों पर पुलिस की निगरानी बढ़ा दी गई है।

















