प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी उत्तराखंड राज्य दिवस की रजत जयंती के मुख्य समारोह में भाग लेने के लिए 9 नवंबर को देहरादून आएंगे। वह सुबह करीब 11 बजे देहरादून हवाई अड्डे पर पहुंचेंगे और लगभग ढाई घंटे तक शहर में रहेंगे। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के आगमन से पहले एफआरआई मैदान में लगभग एक लाख लोगों के लिए व्यवस्था की जा रही है। मोदी के कार्यक्रम को देखते हुए दून घाटी में सुरक्षा के कड़े इंतजाम किए गए हैं।
मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी और मुख्य सचिव आनंद वर्धन ने प्रधानमंत्री के कार्यक्रम की तैयारियों की अलग-अलग समीक्षा की। धामी के साथ देहरादून जिले के विधायकों और पार्टी के शीर्ष नेताओं ने कार्यक्रम को अंतिम रूप दिया। कार्यक्रम की भव्यता बढ़ाने के लिए सांस्कृतिक दलों को भी बुलाया गया है।
खबरों के मुताबिक, पीएम मोदी उत्तराखंड को 3,000 करोड़ रुपये की परियोजनाएं दे सकते हैं। चूंकि यह चुनावी वर्ष है, इसलिए राज्य सरकार ने केंद्र द्वारा वित्तपोषित योजनाओं का विवरण प्रधानमंत्री कार्यालय (पीएमओ) को भेज दिया है। सीएम धामी ने कहा कि पीएम मोदी का देवभूमि उत्तराखंड से विशेष लगाव है और केंद्र की मोदी सरकार ने यहां पहले ही 1.5 लाख करोड़ रुपये की परियोजनाएं शुरू कर दी हैं। उन्होंने कहा कि उत्तराखंड राज्य का निर्माण प्रधानमंत्री अटल बिहारी वाजपेयी ने किया था और इसका विकास प्रधानमंत्री मोदी ने किया है। हम विकास के पथ पर आगे बढ़ रहे है और सनातन के संरक्षक के रूप में भी सरकार काम कर रही है। बीजेपी के प्रदेश अध्यक्ष महेंद्र भट्ट ने कहा है पीएम मोदी का राज्य स्थापना के रजत जयंती वर्ष पर मुख्य अतिथि के रूप में आना ,ये राज्य की जनता के लिए सौभाग्य की बात है। पीएम मोदी राज्य को नई योजनाओं की सौगात देंगे ऐसा उन्हें विश्वास है।

















