महाराष्ट्र सरकार राज्य की आर्थिक रूप से कमजोर महिलाओं के लिए “मुख्यमंत्री माझी लाडकी बहिन योजना” चला रही है। इस योजना के तहत पात्र महिलाओं को हर महीने 1500 रुपये की आर्थिक सहायता दी जाती है। यह राशि महिलाओं के आधार से जुड़े बैंक खातों में सीधे भेजी जाती है। अब इस योजना से जुड़ी एक जरूरी खबर सामने आई है। अगर आपने अभी तक अपनी ई-केवाईसी (e-KYC) प्रक्रिया पूरी नहीं की है, तो आपकी अगली किस्त रुक सकती है। इसलिए सभी लाभार्थी महिलाएं 18 नवंबर 2025 से पहले ई-केवाईसी अवश्य करा लें।
राज्य की महिला एवं बाल विकास मंत्री अदिति तटकरे ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म X (ट्विटर) पर जानकारी दी कि जिन बहनों ने अभी तक ई-केवाईसी नहीं कराई है, वे जल्द से जल्द यह प्रक्रिया पूरी करें। उन्होंने बताया कि अक्टूबर महीने की राशि 4 नवंबर से वितरित की जा रही है, और अगले दो से तीन दिनों में यह राशि सभी पात्र महिलाओं के खातों में जमा हो जाएगी। उन्होंने यह भी स्पष्ट किया कि योजना की राशि केवल उन्हीं महिलाओं को मिलेगी जिनका बैंक खाता आधार कार्ड से लिंक है और जिन्होंने ई-केवाईसी पूरी कर ली है। इसलिए यह जरूरी है कि हर लाभार्थी इस प्रक्रिया को समय पर पूरा करे। आप अपनी ई-केवाईसी घर बैठे मोबाइल या कंप्यूटर से आसानी से कर सकती हैं। इसके लिए नीचे दिए गए चरणों का पालन करें-
सबसे पहले आधिकारिक वेबसाइट ladakibahin.maharashtra.gov.in पर जाएं। होम पेज पर दिखाई दे रहे ‘e-KYC’ विकल्प पर क्लिक करें। अब अपना आधार नंबर और कैप्चा कोड दर्ज करें। “मी सहमत आहे” (मैं सहमत हूं) पर क्लिक करें और फिर “ओटीपी पाठवा” (OTP भेजें) पर क्लिक करें। आपके आधार से लिंक मोबाइल नंबर पर एक ओटीपी (OTP) आएगा। उस ओटीपी को दर्ज करें और आगे बढ़ें। वेरीफिकेशन के बाद आपकी जानकारी जैसे नाम, पता और बैंक खाता नंबर स्क्रीन पर दिखाई देगी। सारी जानकारी ध्यान से जांचें। यदि कोई गलती हो तो उसे सुधारें। सभी विवरण सही होने पर ‘सबमिट’ पर क्लिक करें। ई-केवाईसी प्रक्रिया पूरी होने के बाद आपके रजिस्टर्ड मोबाइल नंबर पर एक कन्फर्मेशन मैसेज आ जाएगा। इसका मतलब है कि आपकी ई-केवाईसी सफलतापूर्वक पूरी हो चुकी है।












