नई दिल्ली। प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने बुधवार को लोक कल्याण मार्ग स्थित अपने आवास पर महिला क्रिकेट विश्व कप विजेता टीम की मेजबानी की। पीएम मोदी ने सभी खिलाड़ियों को जीत के लिए बधाई दी। सोशल मीडिया पर होने वाली ट्रोलिंग के बाद भी टूर्नामेंट में शानदार वापसी की सराहना की। खिलाड़ियों ने प्रधानमंत्री को नमो टी शर्ट भी भेंट की।
प्रधानमंत्री मोदी ने टूर्नामेंट में कठिन परिस्थितियों से उभरकर की वापसी के लिए टीम की प्रशंसा की। खिलाड़ियों से देशभर में फिट इंडिया अभियान को आगे बढ़ाने का आग्रह किया।

प्रधानमंत्री मोदी ने महिला खिलाड़ियों से संवाद के दौरान कहा कि उन्होंने पूरे देश का गौरव बढ़ाया है। बैठक के दौरान कप्तान हरमनप्रीत कौर ने 2017 की उस मुलाकात को याद किया जब टीम बिना ट्रॉफी के प्रधानमंत्री से मिली थी। उन्होंने कहा कि इस बार ट्रॉफी के साथ मिलना विशेष अनुभव है और वे चाहती हैं कि ऐसी मुलाकातें बार-बार हों।
उल्लेखनीय है कि भारतीय महिला क्रिकेट टीम ने 2025 महिला विश्व कप फाइनल में दक्षिण अफ्रीका को हराकर इतिहास रचा था और पहली बार विश्व चैम्पियन बनने का गौरव प्राप्त किया था।
(इनपुट हिंदुस्थान समाचार)

















