सीतामढ़ी (हि.स.) । बिहार विधानसभा चुनाव के दूसरे चरण के प्रचार में मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने गुरुवार को सीतामढ़ी जिले के परिहार और सुरसंड विधानसभा में राष्ट्रीय जनतांत्रिक गठबंधन (राजग) प्रत्याशियों के समर्थन में जनसभाएं कीं। उन्होंने विपक्षी महागठबंधन पर तीखा हमला बोलते हुए जनता से एनडीए उम्मीदवारों के लिए समर्थन मांगा।
योगी आदित्यनाथ ने कहा — जो राम का नहीं, वह हमारे किसी काम का नहीं
सीतामढ़ी जिले के परिहार से भाजपा प्रत्याशी गायत्री देवी और सुरसंड से जदयू प्रत्याशी नागेंद्र राउत के पक्ष में विशाल जनसमूह को संबोधित करते हुए योगी आदित्यनाथ ने कहा कि बिहार की जनता अब पहचान के संकट से निकलकर विकास का विकल्प चुन रही है। उन्होंने कहा कि जिन्होंने भगवान श्रीराम और माता जानकी पर सवाल उठाए, उन्हें सबक सिखाना है, क्योंकि “जो राम का नहीं, वह हमारे किसी काम का नहीं।”
माता जानकी की जन्मभूमि को नमन, गोरखपुर और परिहार के रिश्ते पर बोले योगी
योगी आदित्यनाथ ने माता जानकी की जन्मभूमि की धरती को नमन करते हुए कहा कि यह वही क्षेत्र है जिसे भगवान श्रीराम के अनुज लक्ष्मण के वंशजों ने संरक्षित किया था। उन्होंने कहा कि परिहार और गोरखपुर के बीच आस्था और संस्कार का गहरा रिश्ता है। यहां के लोग गोरखनाथ बाबा को खिचड़ी चढ़ाने आते हैं और यह हजारों वर्षों की साझा विरासत है — राम और जानकी की विरासत। पहचान का संकट पैदा करने वालों को बिहार की जनता ने नकार दिया है।
राजद-कांग्रेस पर हमला, कहा — बिहार को भ्रष्टाचार और अराजकता में झोंक दिया था
मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने जनता से सवाल किया कि कौन थे वे लोग जिन्होंने बिहार के नौजवानों के सामने पहचान का संकट खड़ा किया? उन्होंने कहा कि जिस बिहार ने देश को बुद्ध, महावीर, डॉ. राजेंद्र प्रसाद, जयप्रकाश नारायण और कर्पूरी ठाकुर जैसे महान व्यक्तित्व दिए, उसी बिहार को राजद और कांग्रेस ने भ्रष्टाचार और अराजकता में झोंक दिया था। उन्होंने कहा कि बिहार के नौजवानों ने अपनी मेधा से दुनिया में नाम कमाया, लेकिन कांग्रेस-राजद ने उसी बिहार की पहचान धूमिल कर दी।
राम मंदिर निर्माण का विरोध करने वालों पर योगी का हमला
योगी आदित्यनाथ ने कहा कि कांग्रेस और राजद ने भगवान श्रीराम के मंदिर निर्माण का विरोध किया था। वे कहते थे कि राम हुए ही नहीं। उन्होंने रथयात्रा रोकी, रामभक्तों पर गोलियां चलवाईं। लेकिन हमने कहा था — “राम लला हम आएंगे, मंदिर वहीं बनाएंगे।” आज वह सपना साकार हो चुका है। अयोध्या में भव्य राम मंदिर बन चुका है और अब माता जानकी के धाम सीतामढ़ी में भी भव्य मंदिर निर्माण का कार्य शुरू हो चुका है। यह कार्य केवल राजग ही कर सकता है।
योगी ने बताया — मोदी और नीतीश के नेतृत्व में बदली भारत की तस्वीर
मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और मुख्यमंत्री नीतीश कुमार के नेतृत्व में पिछले 11 वर्षों में भारत की तस्वीर और तकदीर दोनों बदली हैं। बिहार में अब सड़क, बिजली, पानी, रेलवे और एयर कनेक्टिविटी बेहतर हुई है। हर जिले में मेडिकल और इंजीनियरिंग कॉलेज खुले हैं। गरीब कल्याणकारी योजनाओं से हर परिवार को राहत मिली है — 80 करोड़ लोगों को मुफ्त राशन, 50 करोड़ को स्वास्थ्य बीमा, 12 करोड़ को उज्ज्वला योजना, 4 करोड़ को आवास और 3 करोड़ को मुफ्त बिजली कनेक्शन मिले हैं।
अब बिहार में माफिया पस्त और नौजवान मस्त होंगे
योगी आदित्यनाथ ने कहा कि यह एनडीए सरकार ही है जो बिना भेदभाव हर गरीब तक योजनाओं का लाभ पहुंचा रही है। अब बिहार में भी उत्तर प्रदेश की तरह माफिया राज समाप्त होगा। उन्होंने कहा कि अब माफिया पस्त और नौजवान मस्त होंगे।
भाजपा और जदयू प्रत्याशियों के लिए जनता से अपील
मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने जनता से आह्वान करते हुए कहा कि “जो राम का नहीं, वह हमारे किसी काम का नहीं।” उन्होंने अपील की कि सभी मतदाता भाजपा प्रत्याशी गायत्री देवी और जदयू प्रत्याशी नागेंद्र राउत को भारी मतों से विजयी बनाएं। उन्होंने कहा कि कमल और तीर के निशान पर बटन दबाकर बिहार को विकास के पथ पर अग्रसर करें।

















