देश में हर दिन लाखों लोग ट्रेन से यात्रा करते हैं। ज्यादातर लोग ऑनलाइन टिकट बुक करने के लिए IRCTC (Indian Railway Catering and Tourism Corporation) की वेबसाइट या मोबाइल ऐप का इस्तेमाल करते हैं। लेकिन अब रेलवे ने ऑनलाइन टिकट बुकिंग के नियमों में बड़ा बदलाव किया है। रेलवे की नई गाइडलाइन के अनुसार, अगर आप तत्काल टिकट बुक करना चाहते हैं, तो आपका IRCTC अकाउंट आधार कार्ड से लिंक (Aadhaar Verified) होना जरूरी है। यानी बिना आधार लिंक किए अब कोई भी यूजर तत्काल टिकट नहीं ले सकेगा।
नया नियम क्यों लागू किया गया- रेलवे का कहना है कि कई बार तत्काल टिकटों की बुकिंग में फर्जीवाड़े की शिकायतें आती हैं। कुछ एजेंट या यूजर एक साथ कई अकाउंट से टिकट बुक करने की कोशिश करते हैं। इस वजह से आम यात्रियों को टिकट नहीं मिल पाता। अब जब अकाउंट आधार से लिंक होगा, तो एक व्यक्ति केवल अपने नाम से सीमित टिकट ही बुक कर सकेगा। इससे टिकटिंग सिस्टम ज्यादा पारदर्शी और सुरक्षित बनेगा। तत्काल टिकट एक खास सुविधा है जो रेलवे उन यात्रियों के लिए देता है जिन्हें तुरंत यात्रा करनी होती है। ये टिकट यात्रा की तारीख से एक दिन पहले बुक किए जाते हैं और आम टिकटों की तुलना में थोड़ा महंगे होते हैं। इनकी बुकिंग सुबह 10 बजे (AC क्लास के लिए) और 11 बजे (Sleeper क्लास के लिए) शुरू होती है। इसलिए लोग अक्सर समय पर लॉगिन करके जल्दी टिकट बुक करने की कोशिश करते हैं। अब जब नया नियम लागू हो गया है, तो अगर आपका IRCTC अकाउंट आधार से वेरिफाइड नहीं है, तो आप तत्काल टिकट बुक नहीं कर पाएंगे। अगर आपने अब तक अपना आधार IRCTC अकाउंट से लिंक नहीं किया है, तो आप इसे बहुत आसानी से कर सकते हैं। इसके लिए बस नीचे दिए गए स्टेप्स फॉलो करें:
IRCTC की वेबसाइट या मोबाइल ऐप खोलें। https://www.irctc.co.in पर जाएं या IRCTC ऐप खोलें। अपनी यूजर आईडी और पासवर्ड डालकर लॉगिन करें। लॉगिन करने के बाद ऊपर दिए गए मेनू में से ‘My Account’ पर क्लिक करें। ‘Authenticate User’ या ‘Link Aadhaar’ पर क्लिक करें। अब आपको ‘Authenticate Aadhaar’ का ऑप्शन मिलेगा। यहां अपना 12 अंकों का आधार नंबर टाइप करें। नीचे दिए गए बॉक्स को टिक करें जिससे आप पुष्टि करते हैं कि आपकी जानकारी सही है। अब आपके आधार से जुड़े मोबाइल नंबर पर एक OTP (वन टाइम पासवर्ड) आएगा। OTP दर्ज करने के बाद ‘Verify’ बटन पर क्लिक करें। इन स्टेप्स को पूरा करने के बाद आपका IRCTC अकाउंट आधार से लिंक हो जाएगा। अब आप तत्काल टिकट आसानी से बुक कर पाएंगे। आधार लिंक करते समय वही मोबाइल नंबर इस्तेमाल करें जो आधार कार्ड में दर्ज है। अगर मोबाइल नंबर अपडेट नहीं है, तो पहले उसे आधार सेवा केंद्र में जाकर अपडेट करवाएं। एक आधार नंबर से केवल एक IRCTC अकाउंट ही वेरिफाई किया जा सकता है। प्रक्रिया पूरी होने के बाद आपको अकाउंट में “Aadhaar Verified” लिखा दिखाई देगा।

















