दिल्ली में एक बार फिर इंसानियत को शर्मसार कर देने वाली घटना सामने आई है। दिल्ली विश्वविद्यालय की 20 वर्षीय छात्रा पर तीन लोगों ने तेजाब फेंक दिया, जिससे वह बुरी तरह झुलस गई। यह वारदात उस समय हुई जब छात्रा अपने कॉलेज की ओर जा रही थी। पुलिस के मुताबिक, यह हमला उसके एक परिचित युवक ने अपने साथियों के साथ मिलकर किया।
पीड़िता ने बताया कि वह बीए की छात्रा है और उस दिन कॉलेज में एक्सट्रा क्लासेज के लिए जा रही थी। रास्ते में अचानक एक मोटरसाइकिल उसके पास आकर रुकी, जिस पर तीन युवक सवार थे। उनमें से एक युवक मुकुंदपुर निवासी जितेंद्र था, जिसे वह पहले से जानती थी। जितेंद्र के साथ उसके दो साथी ईशान और अरमान भी मौजूद थे। पुलिस के अनुसार, मोटरसाइकिल चलाने वाला ईशान था। उसने अपने साथी अरमान को एक बोतल दी, जिसमें तेजाब भरा हुआ था। अरमान ने वह तेजाब छात्रा पर फेंक दिया। यह सब कुछ चंद सेकंडों में हुआ। छात्रा ने किसी तरह अपना चेहरा बचाने की कोशिश की, लेकिन तेजाब उसके हाथों पर गिर गया और वह बुरी तरह झुलस गई। हमले के बाद तीनों आरोपी मौके से फरार हो गए।
पीड़िता की हालत और बयान- स्थानीय लोगों की मदद से घायल छात्रा को तुरंत नजदीकी अस्पताल पहुंचाया गया, जहां उसका इलाज चल रहा है। डॉक्टरों ने बताया कि उसके हाथों पर गंभीर जलन है, हालांकि चेहरा सुरक्षित है क्योंकि उसने समय रहते चेहरा ढक लिया था। अस्पताल में भर्ती छात्रा ने पुलिस को दिए अपने बयान में बताया कि जितेंद्र पिछले कुछ महीनों से उसका पीछा कर रहा था। वह कई बार कॉलेज आते-जाते समय उसका रास्ता रोकता था और बातचीत करने का दबाव डालता था। छात्रा ने यह भी बताया कि करीब एक महीने पहले दोनों के बीच किसी बात को लेकर झगड़ा हुआ था, जिसके बाद जितेंद्र ने उसे धमकी दी थी। पीड़िता ने कहा, “मुझे न्याय चाहिए। उसने जो किया, उसके लिए उन्हें जल्द से जल्द गिरफ्तार किया जाए। मैं किसी और लड़की के साथ ऐसा होने नहीं देना चाहती।”
पुलिस की कार्रवाई- दिल्ली पुलिस ने बताया कि घटना की जानकारी मिलते ही क्राइम टीम और एफएसएल (फॉरेंसिक साइंस लैबोरेटरी) की टीम मौके पर पहुंची और जांच शुरू की। घटनास्थल से तेजाब की बोतल के अवशेष और अन्य साक्ष्य बरामद किए गए हैं। पुलिस ने कहा, “लड़की के बयान और उसकी चोटों की प्रकृति के आधार पर भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) की संबंधित धाराओं के तहत मामला दर्ज किया गया है। तीनों आरोपियों जितेंद्र, ईशान और अरमान की तलाश जारी है।” पुलिस की कई टीमें उन्हें पकड़ने के लिए छापेमारी कर रही हैं।

















