नई दिल्ली: सोशल मीडिया कंपनी मेटा का नया एंटी स्कैम फीचर्स यूजर्स को ऑनलाइन फ्रॉड और स्कैम से बचाएगा। मेटा ने व्हॉट्सएप, इंस्टग्राम और फेसबुक के लिए नये सेफ्टी टूल्स और टिप्स पेश किये हैं। जिसके बाद सारे सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म पहले से अधिक सुरक्षित बन जाएंगे और स्कैमर्स बुजुर्गों को आसानी से टारगेट नहीं कर पाएंगे। अभी देखा गया है कि स्कैमर्स सीनियर सिटीजन को सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म की आड़ में टारगेट करके धोखाधड़ी को अंजाम देते हैं। लेकिन मेटा के नये फीचर्स के बाद अब यूजर्स सारे सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म पर सुरक्षित चैटिंग कर सकेंगे। ये फीचर्स खासकर बुजुर्गों को स्कैम से बचाने के लिए पेश किए गए हैं।
क्या हैं नये सेफ्टी फीचर्स?
1- व्हॉट्सएप पर अलर्ट
2- मैसेंजर पर अलर्ट
3-सुरक्षित लॉगिन
4- सेफ्टी चेकअप
व्हॉट्सएप पर स्क्रीन शेयर करते ही अलर्ट
मेटा व्हॉट्सएप यूजर्स के लिए नया सेफ्टी फीचर्स लाया है। अब अगर कोई यूजर व्हॉट्सएप (WhatsApp) पर अननोन कॉलर के साथ वीडियो कॉल के दौरान स्क्रीन शेयर करेगा तो उसे अलर्ट दिखेगा। यानी उसे एक चेतावनी मिलेगी। जिसके बाद आप किसी भी अनजान व्यक्ति को अपनी निजी जानकारी देने से बच जाएंगे। यह फीचर खासकर डिजिटल अरेस्ट और स्कैमिंग मामलों में मददगार साबित होगा क्योंकि स्कैमर्स अक्सर वीडियो कॉल के माध्यम से ही यूजर्स को निशाना बनाते हैं। अधिकतर मामलों में देखा गया है कि सीनियर सिटीजन स्कैमर्स के निशाने पर होते हैं।

मैसेंजर पर भी मिलेगा अलर्ट
मैसेंजर पर भी मेटा नया फीचर्स ला रही है। यह नया सिस्टम संदिग्ध मैसेज को पहचान कर यूजर्स को अलर्ट करेगा। यानी यह सिस्टम आपको बता देगा कि कौन सा मैसेज स्कैमर्स का है और यूजर्स के लिए घातक साबित हो सकता है। अक्सर मैसेंजर पर लोगों को अनजान व्यक्तियों द्वारा संदिग्ध मैसेज मिलते हैं जिन्हें खोलते ही व्यक्ति का डाटा लीक हो जाता है या फिर कई यूजर्स आपके किसी परिचित की फेक आईडी बनाकर पैसे मांगते हैं। लेकिन अब नया सिस्टम आपको पहले ही सतर्क कर देगा।
सुरक्षित लॉगिन के लिए PASSKEY सपोर्ट
अब यूजर्स फेसबुक, मैसेंजर और व्हॉटस्एप पर सुरक्षित तरीके से लॉगिन कर सकेंगे। इसके लिए मेटा ने पासकी (Passkey) सपोर्ट फीचर रोल आउट किया है। यह फीचर्स यूजर्स की सेफ्टी और प्राइवेसी को देखते हुए पेश किया गया है। इसमें यूजर फेस वेरिफिकेशन या फिंगरप्रिंट ऑथेंटिकेशन के जरिए साइन-इन कर सकते हैं। Meta ने यूजर्स से अपील की है कि वह अपने फेसबुक और इंस्टाग्राम पर सिक्योरिटी चेकअप और व्हाट्सऐप पर प्राइवेसी चेकअप का यूज करें।










