चंडीगढ़। प्रवर्तन निदेशालय, जालंधर ने अवैध खनन के एक बड़े मामले में कार्रवाई करते हुए बलात्कार के दोषी पादरी बजिंदर सिंह उर्फ अमन और उसके साथियों की रोपड़, नवांशहर, माछीवाड़ा और एसएएस नगर इलाकों में स्थित सभी अचल संपत्तियों को कुर्क कर लिया है। बजिंदर पुत्र सुरिंदर सिंह, निवासी फ्लैट नंबर 204/ए, अंबिका फ्लोरेंस, न्यू चंडीगढ़, एसएएस नगर और वार्ड नंबर 15, एसजेएस नगर, माछीवाड़ा को फर्जी सीआर के मामले में गिरफ्तार किया गया है।
इन पर पर्चियों और फर्जी दस्तावेजों का इस्तेमाल कर अवैध खनन गतिविधियों में शामिल होने का आरोप है, जिससे सरकार को भारी वित्तीय नुकसान हुआ है। ईडी ने रोपड़, नंगल, नूरपुर बेदी, माछीवाड़ा और अन्य संबंधित क्षेत्रों के डीसी, एसडीएम, सब-रजिस्ट्रार और एसएसपी को पत्र लिखकर इन संपत्तियों को कुर्क करने के निर्देश दिए हैं।
ईडी की जांच के अनुसार, बजिंदर ने वर्ष 2020 से 2025 के दौरान सभी स्रोतों से लगभग 68 लाख रुपये की आय घोषित की है। उसने अवैध खनन और अन्य अवैध गतिविधियों से अर्जित काले धन का उपयोग करके 7-8 करोड़ रुपये की संपत्तियां खरीदीं। उस पर धन शोधन निवारण अधिनियम (पीएमएलए) और आयकर अधिनियम का उल्लंघन करने का आरोप है। ज्ञात रहे कि पादरी बजिंदर सिंह बलात्कार के केस में उम्रकैद की सजा काट रहा है।














