आजकल भारत में लोग अमेरिकी ऐप्स को छोड़कर स्वदेशी ऐप्स अपनाने लगे हैं। इसी कड़ी में Zoho Corporation का ईमेल प्लेटफॉर्म Zoho Mail तेजी से पॉपुलर हो रहा है। कई लोग अब Gmail की बजाय Zoho Mail का इस्तेमाल करने लगे हैं। अगर आप भी Zoho Mail पर अकाउंट बनाने का सोच रहे हैं, तो पहले यह जानना जरूरी है कि इसके कौन-कौन से फीचर्स इसे Gmail से अलग और बेहतर बनाते हैं। Zoho Mail के कुछ खास फीचर्स इसे बाकी ईमेल प्लेटफॉर्म्स से अलग बनाते हैं। आइए जानते हैं इनके बारे में विस्तार से-
बड़ी फाइलें आसानी से भेजें- Zoho Mail पर आप एक ईमेल में 1 जीबी तक की फाइलें अटैच कर भेज सकते हैं। अगर फाइल का साइज 1 जीबी से ज्यादा होता है, तो Zoho Mail खुद-ब-खुद उस फाइल का लिंक बना देता है और उसे ईमेल में अटैच कर देता है। इसका मतलब है कि बड़ी फाइलें भेजने में आपको कोई दिक्कत नहीं होती। वहीं, Gmail में आप केवल 25 एमबी तक की फाइल ही सीधे अटैच कर सकते हैं। अगर फाइल इससे बड़ी होती है तो Gmail उसे Google Drive में अपलोड कर लिंक बना देता है, जिसे आप भेज सकते हैं। Zoho Mail की यह सुविधा बड़ी फाइलें भेजने के मामले में इसे Gmail से आगे रखती है।
ज्यादा सुरक्षित ईमेल- Zoho Mail में आपकी ईमेल सुरक्षा का भी पूरा ध्यान रखा गया है। स्टैंडर्ड TLS एन्क्रिप्शन के अलावा, इसमें S/MIME सपोर्ट मिलता है। इसका मतलब है कि आपकी ईमेल्स और भी ज्यादा सुरक्षित हो जाती हैं। यह फीचर खासकर उन लोगों और कंपनियों के लिए फायदेमंद है जो संवेदनशील जानकारी का आदान-प्रदान करते हैं। Zoho Mail में स्मार्ट फिल्टर का फीचर भी मौजूद है। यह फीचर आपके आने वाले ईमेल्स को खुद-ब-खुद स्कैन करता है और उन्हें अलग-अलग फोल्डरों में व्यवस्थित कर देता है। जैसे नोटिफिकेशन, न्यूजलेटर्स या प्रमोशनल ईमेल्स अलग फोल्डर में चले जाते हैं। इससे आपका इनबॉक्स साफ-सुथरा और व्यवस्थित रहता है और जरूरी ईमेल ढूंढना आसान हो जाता है।
यह भी पढ़ें- Gmail से Zoho Mail पर स्विच करने का सबसे आसान तरीका, कुछ भी नहीं होगा डिलीट
ईमेल का बैकअप- Zoho Mail कंपनियों के लिए खासतौर पर फायदेमंद है क्योंकि इसमें आप अपने सभी ईमेल का बैकअप रख सकते हैं। इसके अलावा, अगर किसी खास ईमेल की जरूरत हो तो उसे आसानी से ढूंढ सकते हैं। इसे eDiscovery कहा जाता है। यह फीचर कंपनियों के लिए बहुत उपयोगी है क्योंकि डेटा मैनेजमेंट और सुरक्षा की जिम्मेदारी बहुत महत्वपूर्ण होती है। Zoho Mail में आपको अलग-अलग कामों के लिए अलग ऐप्स में जाने की जरूरत नहीं होती। इसमें नोट्स, कैलेंडर, कॉन्टैक्ट्स और बुकमार्क्स जैसे सारे टूल्स एक ही जगह पर मिल जाते हैं। इससे आपका काम आसान हो जाता है और समय की भी बचत होती है। आप ईमेल चेक करते हुए ही मीटिंग्स शेड्यूल कर सकते हैं, नोट्स लिख सकते हैं या जरूरी कॉन्टैक्ट्स देख सकते हैं।















