उत्तर प्रदेश के पीलीभीत जनपद में मौलाना रेहान रजा खान को गिरफ्तार किया गया है। कुछ दिन पहले मौलाना रेहान रजा खान ने विवादित बयान दिया था। मौलाना ने कहा था कि मैं 80 करोड़ हिन्दुओं को जूते की नोक पर रखता हूं। मौलाना के इस बयान का वीडियो सोशल मीडिया पर काफी वायरल हुआ था। इसके बाद इस मामले में कार्रवाई की मांग की गई थी।
जानकारी के अनुसार पीलीभीत जनपद के निवासी डालचंद ने मौलाना रेहान रजा खान के खिलाफ शिकायत दर्ज कराई थी। डालचंद की तहरीर में कहा गया कि मौलाना ने जानबूझकर लोगों को भड़काने के उद्देश्य से इस तरीके का बयान दिया है। उसके बयान का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है और कुछ नाबालिग बच्चे भी मौलाना की इन बातों को सुनते हुए पाए गए हैं। मौलाना के इस बयान से स्थानीय लोगों में काफी आक्रोश व्याप्त है। डालचंद की तहरीर पर पुलिस ने मौलाना समेत 15 लोगों के खिलाफ एफआईआर दर्ज की थी। पुलिस ने इस मामले में कार्रवाई करते हुए मौलाना को गिरफ्तार कर लिया है।
पीलीभीत जनपद के स्थानीय लोगों ने मौलाना के बयान की कड़ी निंदा की है। उन लोगों का कहना है कि धार्मिक गुरुओं का काम समाज में शांति का संदेश देना है जबकि मौलाना नफरत फैलाने वाला बयान दे रहा है। स्थानीय लोगों ने मौलाना को कड़ी से कड़ी सजा देने की मांग की है। पुलिस का कहना कि इस मामले की जांच की जा रही है। आरोपी मौलाना से पूछताछ की गई है। दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी।

















