आज की भागदौड़ भरी जिंदगी में हर किसी को कभी-कभी एक छोटा-सा ब्रेक चाहिए होता है। जब रोजमर्रा की थकान, काम का दबाव और एक ही रूटीन से मन भर जाता है, तो वीकेंड ट्रिप सबसे अच्छा तरीका होता है खुद को रिफ्रेश करने का। सिर्फ दो दिन की ये छोटी-सी यात्रा हमें नई ऊर्जा देती है और मन को तरोताजा कर देती है। लेकिन अक्सर ऐसा होता है कि इस छोटे से सफर की तैयारी ही सबसे बड़ी टेंशन बन जाती है। या तो हम कुछ जरूरी चीजें पैक करना भूल जाते हैं, या फिर ऐसी चीजें रख लेते हैं जिनकी कोई जरूरत नहीं पड़ती। और फिर सफर के बीच में याद आता है कि “अरे, ये तो रखना भूल गए। अगर आप चाहते हैं कि आपकी वीकेंड ट्रिप पूरी तरह मज़ेदार और टेंशन-फ्री हो, तो बस कुछ छोटी-छोटी बातों का ध्यान रखें। यहां हम बता रहे हैं 5 ऐसी जरूरी चीजें जो आपकी हर छोटी यात्रा को आरामदायक और आसान बना देंगी।
पावर बैंक- आजकल सफर का हर काम हमारे फोन से ही होता है, रास्ता देखने के लिए गूगल मैप, फोटो और वीडियो लेने के लिए कैमरा, होटल या कैब बुक करने के लिए ऐप्स, और मनोरंजन के लिए म्यूजिक या मूवीज। ऐसे में अगर फोन की बैटरी खत्म हो जाए, तो पूरा मूड खराब हो जाता है। इसलिए सबसे पहले अपने साथ एक अच्छा पावर बैंक जरूर रखें। यह आपके फोन को हमेशा चार्ज रखेगा, चाहे आप बस में हों, पहाड़ों में या किसी बीच पर। पावर बैंक छोटा होता है, आसानी से बैग में रख सकते हैं, और सफर के दौरान आपका सबसे भरोसेमंद साथी बन जाता है।
ट्रैवल ऑर्गेनाइजर- कई बार हम सारी चीजें पैक कर लेते हैं, लेकिन बाद में उन्हें ढूंढने में ही आधा समय निकल जाता है। चार्जर कहां गया, हेडफोन किस पाउच में है- ये छोटी-छोटी बातें सफर का मजा बिगाड़ देती हैं। इसलिए अपने साथ एक ट्रैवल ऑर्गेनाइज़र या छोटी-छोटी पाउच जरूर रखें। इसमें आप अपनी जरूरी चीजें जैसे चार्जर, हेडफोन, पेन ड्राइव, कॉस्मेटिक या ज्वेलरी अलग-अलग रख सकते हैं। इससे सबकुछ व्यवस्थित रहेगा, और जब भी जरूरत हो, आसानी से मिल जाएगा।
जैकेट या शॉल- मौसम का मिजाज कब बदल जाए, कोई नहीं जानता। दिन में गर्मी हो सकती है, लेकिन रात में या पहाड़ों पर हल्की ठंड महसूस हो सकती है। इसके अलावा, बस या ट्रेन में एयर कंडीशनिंग के कारण भी ठंड लग सकती है। इसलिए अपने बैग में हमेशा एक हल्का जैकेट या शॉल जरूर रखें। यह ज़्यादा जगह नहीं लेता और अचानक ठंड या हवा से आपकी रक्षा करता है। इससे आप पूरे सफर में आरामदायक और रिलैक्स महसूस करेंगे।
फर्स्ट-एड किट- चाहे यात्रा कितनी भी छोटी क्यों न हो, एक फर्स्ट-एड किट हमेशा अपने साथ रखनी चाहिए। ट्रिप के दौरान कभी हल्की चोट लग सकती है, सिर दर्द हो सकता है या मौसम बदलने से हल्का बुखार आ सकता है। आपकी फर्स्ट-एड किट में कुछ जरूरी चीजें जरूर हों- जैसे सिरदर्द, पेट दर्द और बुखार की गोलियां, बैंडेज, एंटीसेप्टिक क्रीम, कॉटन, और सैनिटाइजर। ये छोटी-छोटी चीजें आपको किसी बड़ी परेशानी से बचा सकती हैं। और सबसे अच्छी बात यह है कि इन्हें पैक करने में ज़्यादा जगह भी नहीं लगती।
पानी और स्नैक्स- सफर के दौरान हम अक्सर प्यास लगने या भूख लगने पर जो कुछ भी मिलता है, वही खा लेते हैं। लेकिन ट्रैवल के दौरान बाहर का खाना महंगा भी होता है और कई बार हमारे पेट को सूट नहीं करता। इसलिए हमेशा अपने साथ एक पानी की बोतल और कुछ हल्के स्नैक्स जरूर रखें। जैसे बिस्किट, ड्राई फ्रूट्स, एनर्जी बार, नमकीन या फल। इससे आप पूरे सफर में एनर्जी से भरपूर रहेंगे और अगर कहीं लंबा रास्ता हो या दुकानें न मिलें, तो भी आपको कोई परेशानी नहीं होगी। साथ ही, अपने पास पानी रखना आपको हाइड्रेटेड रखेगा, जो बहुत जरूरी है।

















