देशभक्ति और सेवा भावना के प्रतीक राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ (RSS) के 100 वर्ष पूर्ण होने पर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने दिल्ली के डॉ. अम्बेडकर अंतर्राष्ट्रीय केंद्र में आयोजित विशेष समारोह में ₹100 का स्मारक सिक्का और एक डाक टिकट जारी किया। प्रधानमंत्री ने इस मौके पर कहा कि यह सिक्का मात्र धातु का टुकड़ा नहीं, बल्कि “भारत माता की भावना” और “संघ की सेवा परंपरा” का प्रतीक है।
इतिहास में पहली बार मुद्रा पर भारत माता की छवि
यह पहला अवसर है जब किसी भारतीय सिक्के पर भारत माता की तस्वीर अंकित की गई है। सिक्के की एक ओर भारत का राष्ट्रीय चिन्ह (अशोक स्तंभ) और दूसरी ओर भारत माता की भव्य छवि है। इस चित्र में स्वयंसेवक और सिंह के साथ वरद मुद्रा में खड़ी भारत माता को दिखाया गया है, जो “समर्पण और सेवा” का भाव व्यक्त करती हैं। सिक्के पर संघ मंत्र- “राष्ट्राय स्वाहा, इदं राष्ट्राय,इदं न मम” भी अंकित है।
विशेष डाक टिकट का संदेश
इस आयोजन में जारी डाक टिकट में आरएसएस द्वारा शिक्षा, स्वास्थ्य, सामाजिक सेवा और आपदा राहत में निभाई गई भूमिका को दर्शाया गया है। यह टिकट “मातृभूमि की सेवा के लिए सदा समर्पित” के संदेश के साथ जारी किया गया है।
कैसे खरीदें स्मारक सिक्का?
यह सिक्का आम लेन-देन में नहीं मिलेगा क्योंकि यह स्मारक (Commemorative) सिक्का है। इसे खरीदने के लिए नागरिकों को भारत सरकार के सिक्योरिटी प्रिंटिंग एंड मिंटिंग कॉरपोरेशन ऑफ इंडिया लिमिटेड (SPMCIL) की वेबसाइट पर जाकर रजिस्ट्रेशन करना होगा।
- इच्छुक व्यक्ति वेबसाइट पर जाकर खाता बनाएं।
- उपलब्ध सिक्कों की सूची में से ₹100 का सिक्का चुनें।
- ऑनलाइन भुगतान के बाद सिक्का सीधे आपके घर डिलीवर किया जाएगा।
ध्यान दें— केवल SPMCIL या RBI की आधिकारिक वेबसाइट पर ही आवेदन करें। किसी भी फर्जी साइट या लिंक से बचें ताकि धोखाधड़ी से सुरक्षा बनी रहे।
बता दें कि यह ₹100 का स्मारक सिक्का न केवल संघ के शताब्दी वर्ष की याद दिलाता है, बल्कि यह उस विचारधारा का प्रतीक है जो “राष्ट्र पहले” की भावना को जन-जन तक पहुंचाती है। मोदी सर्कार ने पहली बार किसी भारतीय मुद्रा पर भारत माता की तस्वीर उकेरकर, दुनिया को यह संदेश दिया है— “यह सिर्फ सिक्का नहीं, बल्कि हमारी आत्मा का प्रतीक है”

















