क्रिकेट का मैदान हो या कमेंट्री बॉक्स, पाकिस्तानी खिलाड़ी और कमेंटेटरों की कश्मीर घुसेड़ने की आदत तो बनी ही रहती है। पहले ये ज्यादातर पुरुषों तक सीमित थी, लेकिन अब महिला कमेंटेटर भी इसमें शामिल हो गई हैं। वीमेंस वर्ल्ड कप 2025 के बीच, पाकिस्तान और बांग्लादेश के मैच के दौरान ऐसा ही कुछ हो गया। पाकिस्तान की पूर्व कप्तान और कमेंटेटर सना मीर ने एक खिलाड़ी का परिचय देते हुए ‘आजाद कश्मीर’ का जिक्र कर दिया, जिससे सोशल मीडिया पर भूचाल आ गया। लोग भड़क गए, आईसीसी से सना को कमेंट्री पैनल से हटाने की मांगें होने लगीं। ये मैच श्रीलंका की राजधानी कोलंबो में खेला गया था, जबकि पूरा टूर्नामेंट भारत और श्रीलंका मिलकर होस्ट कर रहे हैं।
पाकिस्तानियों का कश्मीर राग नया नहीं?
पाकिस्तानी क्रिकेटरों और कमेंटेटरों का कश्मीर को क्रिकेट में घुसेड़ना कोई नई बात नहीं। ये पुरानी आदत है, जो अब महिलाओं तक फैल गई। सना मीर, जो पाक वीमेंस टीम की पूर्व कप्तान रह चुकी हैं, ने पाकिस्तानी खिलाड़ी नताली परवेज का इंट्रो देते हुए गलती कर दी। उन्होंने कहा कि नताली ‘आजाद कश्मीर’ से हैं, जो लाहौर में ज्यादातर क्रिकेट खेलती हैं। इससे भारत में तीखी प्रतिक्रिया आई। सब जानते हैं, भारत जम्मू-कश्मीर को अपना अभिन्न अंग मानता है और पाकिस्तान के POJK पर कब्जे को गैरकानूनी ठहराता है। भारत सरकार बार-बार कहती है कि पाक को POJK से अपनी सेना और अफसर हटाने चाहिए, और मुद्दे का हल बातचीत से निकले। संसद ने भी इस पर प्रस्ताव पास किया है।
सना मीर का वो विवादास्पद कमेंट
मैच कमेंट्री में सना ने नताली के बारे में कुछ इस तरह कहा, “इनमें से कई खिलाड़ी नई हैं, नताली परवेज, जो कश्मीर… आजाद कश्मीर से आती हैं, वो लाहौर में ज्यादातर क्रिकेट खेलती हैं, उन्हें अपना अधिकांश क्रिकेट खेलने के लिए लाहौर आना पड़ता है।” ये सुनते ही भारत के फैंस भड़क गए। सबको लगा कि ये राजनीति को खेल में घुसेड़ने की कोशिश है। सोशल मीडिया पर मीम्स, गुस्से वाले पोस्ट्स की बाढ़ आ गई।
सोशल मीडिया पर विरोध
सोशल मीडिया पर यूजर्स ने सना के खिलाफ एक्शन की जोरदार मांग की। एक यूजर ने लिखा, “ये जुबान फिसलना नहीं, पहले कश्मीर कहा, फिर आजाद कश्मीर। इन्हें बर्खास्त करो!” दूसरे ने कहा, “मैच में पाक कमेंटेटर का ‘आजाद कश्मीर’ वाला बयान शॉकिंग है। आईसीसी, बीसीसीआई, ये दुष्प्रचार बर्दाश्त क्यों?” कईयों ने साफ कहा कि सना को पैनल से हटा दो, वरना खेल बिगड़ जाएगा।
सफाई के साथ खेल गई सना
विवाद जब बढ़ा तो तो सना मीर ने सफाई दी। उन्होंने एक्स पर पोस्ट कर कहा कि चीजों को बढ़ा-चढ़ाकर पेश किया जा रहा है, इससे खेल से जुड़े लोगों पर बेकार का दबाव पड़ रहा। “ये दुर्भाग्यपूर्ण है कि कैसे चीजों को बढ़ा-चढ़ाकर पेश किया जा रहा है और इसके लिए सार्वजनिक स्तर पर स्पष्टीकरण की आवश्यकता है।” सना ने जोर देकर कहा कि उनकी टिप्पणी का गलत अर्थ निकाला गया है।

















