आज के समय में आधार कार्ड हर नागरिक के लिए बहुत जरूरी हो गया है। चाहे गैस कनेक्शन लेना हो, राशन कार्ड बनवाना हो, मोबाइल सिम लेना हो, बैंक में खाता खोलना हो या किसी सरकारी योजना का लाभ उठाना हो – हर जगह आधार की जरूरत पड़ती है। इसलिए आधार कार्ड में दी गई जानकारी जैसे नाम, पता, फोटो, फिंगरप्रिंट आदि का सही और अपडेट रहना बहुत जरूरी हो गया है। लेकिन अब आम लोगों के लिए आधार कार्ड की जानकारी अपडेट कराना महंगा हो गया है। 1 अक्टूबर 2025 से आधार कार्ड में सुधार कराने के लिए नई फीस लागू हो जाएगी, जिसकी जानकारी UIDAI (भारतीय विशिष्ट पहचान प्राधिकरण) ने एक नोटिफिकेशन के जरिए दी है।
यह भी पढ़ें-आधार कार्ड अब घर बैठे करें अपडेट, UIDAI ला रहा है नया e-Aadhaar App
आधार में सुधार के लिए नई फीस क्या है- (नाम, पता, लिंग, जन्मतिथि आदि), पहले शुल्क: ₹50, अब शुल्क: ₹75। बायोमेट्रिक अपडेट (फोटो, फिंगरप्रिंट, आइरिस स्कैन),पहले शुल्क: ₹100, अब शुल्क: ₹125। बच्चों (7 से 17 वर्ष तक) के बायोमेट्रिक अपडेट के लिए-पहले शुल्क: ₹100, अब शुल्क: ₹125। ध्यान देने वाली बात ये है कि नया आधार कार्ड बनवाने पर अभी भी कोई शुल्क नहीं लगेगा। जिन लोगों ने पिछले 10 सालों में आधार कार्ड अपडेट नहीं कराया है, उन्हें अब फिर से अपने दस्तावेज जमा करने होंगे और इसके लिए उन्हें ₹75 शुल्क देना होगा। पहले इसके लिए ₹50 देना पड़ता था। इस बदलाव से ग्रामीण इलाकों और छोटे कस्बों में रहने वाले लोगों को सबसे ज्यादा दिक्कत हो सकती है। इसके अलावा, जो लोग पहचान या पते में बदलाव करते हैं या जिनका नाम, फोटो आदि गलत है, उन्हें अब हर बदलाव के लिए ज्यादा पैसा देना होगा। यह उन लोगों के लिए मुश्किल हो सकता है जिनके पास ज्यादा दस्तावेज नहीं हैं या जिन्हें बार-बार सुधार कराना पड़ता है। UIDAI ने नोटिफिकेशन तो जारी कर दिया है, लेकिन अभी सॉफ्टवेयर अपडेट नहीं हुआ है। जब तक सिस्टम में यह बदलाव नहीं होता, तब तक पुरानी फीस ही ली जाएगी। जिला समन्वयक अफताब आलम ने बताया कि जब तक सभी आधार सेवा केंद्रों का सॉफ्टवेयर अपडेट नहीं होता, तब तक लोगों से पुरानी फीस ही ली जाएगी।














