श्रीनगर (हि.स.) । सीमा सुरक्षा बल (बीएसएफ) कश्मीर फ्रंटियर के महानिरीक्षक (आईजी) अशोक यादव ने शनिवार को कहा कि आतंकवादी नियंत्रण रेखा के पार लॉन्च पैड्स पर कश्मीर घाटी में घुसपैठ करने की फिराक में हैं, लेकिन सुरक्षा बल सतर्क हैं और ऐसी किसी भी कोशिश को नाकाम करने के लिए तैयार हैं।
सर्दियों से पहले बढ़ती है घुसपैठ की कोशिश
आईजी अशोक यादव ने श्रीनगर में पत्रकारों से कहा कि सर्दियों की शुरुआत से पहले घाटी में आतंकवादियों की घुसपैठ की कोशिशें हमेशा बढ़ जाती हैं। बर्फबारी से पहले घुसपैठ के अवसर अधिक होते हैं। नवंबर तक घुसपैठ की संभावना बनी रहती है, क्योंकि उन्हें पता है कि अगले छह महीनों तक मौके कम होंगे।
लॉन्च पैड्स पर मौके की तलाश में आतंकी
उन्होंने बताया कि बांदीपोरा और कुपवाड़ा सेक्टरों में नियंत्रण रेखा के पार लॉन्च पैड्स पर आतंकवादी मौजूद हैं। वे घुसपैठ के अवसर की तलाश में हैं, लेकिन सुरक्षा बहुत कड़ी है। कभी-कभी वे खराब मौसम का इंतज़ार करते हैं, मगर सुरक्षा बल किसी भी स्थिति के लिए तैयार और सतर्क हैं।
उच्च तकनीक निगरानी से घुसपैठ नाकाम
बीएसएफ के आईजी ने कहा कि सेना और बीएसएफ सतर्क है और उच्च तकनीक वाले निगरानी उपकरणों की मदद से नियंत्रण रेखा पर मजबूत नियंत्रण बनाए हुए हैं। इस साल अब तक घुसपैठ की दो कोशिशों को नाकाम किया गया है। नई कार्यप्रणाली और आधुनिक निगरानी उपकरणों के कारण हमारे एओआर में घुसपैठ करना बहुत मुश्किल है।
















