लचर कानून व्यवस्था के चलते पंजाब में जंगलराज स्थापित होता जा रहा है, गुण्डों की जद में केवल व्यवसायी व उद्योगपति नहीं बल्कि स्कूलों के संचालक भी आ गए हैं। पंजाब के बॉर्डर एरिया तरनतारन के खेमकरण में बदमाशों ने एक स्कूल पर गोलियां चलाई है। सेंट कबीर कान्वेंट स्कूल के गेट पर फायरिंग की घटना से वहां हडक़ंप मच गया। घटना वीरवार सुबह 11.50 बजे की है। यह यह घटना हुई तो स्कूल में बच्चों की परीक्षा चल रही थी। गोलियों की आवाज से बच्चे सहम गए। बाइक सवार दो बदमाशों ने गोलियां चलाई और फरार हो गए।
स्कूल में मची दहशत
गोलियों की आवाज सुनकर स्कूल में दहशत फैल गई। सूचना मिलते ही थाना सदर पट्टी की पुलिस मौके पर पहुंची। क्षेत्र भर में नाकाबंदी करवाई गई, लेकिन बदमाशों का कोई सुराग नहीं लग पाया। हालांकि क्षेत्र में लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज कब्जे में लेकर बदमाशों की पहचान की जा रही है।
रंगदारी की शिकायत और पिछली घटना
सेंट कबीर कान्वेंट स्कूल दासूवाल (वल्टोहा) के मैनेजिंग डायरेक्टर (एमडी) मानवजीत सिंह संधू ने बताया कि कुछ समय पहले विदेश में बैठे गैंगस्टर प्रभदीप सिंह उर्फ प्रभ दासूवाल ने फोन करके एक करोड़ रुपये की रंगदारी मांगी थी। इसी शिकायत थाना सदर पट्टी पुलिस को दी गई है। जून माह में स्कूल के गेट नंबर दो पर दोपहर के समय बदमाशों ने उनकी कार पर आठ गोलियां चलाई थी। संधू ने बताया कि वीरवार को स्कूल में बच्चों की परीक्षा थी। पेपर के बाद दोपहर 12 बजे छुट्टी करने की तैयारी की जा रही थी। ठीक 10 मिनट पहले (11.50 बजे) बाइक पर सवार दो बदमाशों ने गेट नंबर एक पर गोलियां दागीं। स्कूल में 850 से अधिक स्टूडेंट्स पढ़ाई करते हैं।
पुलिस की लापरवाही और सुरक्षा की मांग
संधू ने बताया कि स्कूल के आसपास पीसीआर टीम को तैनात करने की मांग कर चुके हैं, लेकिन पुलिस प्रशासन ने स्कूल की व्यवस्था मामले में उनकी शिकायत को हलके में लिया है। मानवजीत सिंह संधू ने बताया कि रंगदारी को लेकर गोली चलने की यह दूसरी घटना है। थाना सदर पट्टी के प्रभारी विपन कुमार का कहना है कि पूरे इलाके में नाकाबंदी करवाकर बदमाशों की तलाश की जा रही है।
भिखीविंड में अस्पताल पर फायरिंग
दूसरी ओर कस्बा भिखीविंड स्थित मंदिर वाली गली में वीरवार सुबह बाइक सवार दो बदमाशों ने चोपड़ा अस्पताल पर गोलियां चलाईं। गोलियों की आवाज सुनकर बाजार में मौजूद लोग इधर-उधर भागने लगे। सूचना मिलते ही डीएसपी प्रीतइंद्र सिंह, थाना भिखीविंड के प्रभारी हरप्रीत सिंह विर्क मौके पर पहुंचे। डॉ. नितिन चोपड़ा ने बताया कि वह अपने अस्पताल में मौजूद थे, तभी एक बाइक अस्पताल के आगे आकर रुकी। बाइक सवार ने अस्पताल पर गोलियां चलाईं। बाइक पर पीछे बैठा युवक मोबाइल पर वीडियो बना रहा था। तीन गोलियां चलाकर बदमाश मौके से फरार हो गए। डीएसपी प्रीतइंद्र सिंह ने बताया कि गोलियां चलाने वाले बदमाशों की पहचान के लिए सीसीटीवी कैमरे खंगाले जा रहे हैं।
















