नई दिल्ली (हि.स) । केंद्रीय कैबिनेट ने बुधवार को 10.90 लाख रेलवे कर्मचारियों को उत्पादकता आधारित बोनस (पीएलबी) देने की मंजूरी दी। यह बोनस दिवाली से पहले कर्मचारियों के खाते में भेजा जाएगा। इसके लिए 1865 करोड़ 68 लाख रुपये के भुगतान को स्वीकृति दी गई है।
रेलवे कर्मचारियों के 78 दिनों के वेतन के बराबर पीएलबी
केंद्रीय सूचना एवं प्रसारण मंत्री अश्विनी वैष्णव ने बताया कि केंद्रीय मंत्रिमंडल ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की अध्यक्षता में 10,91,146 रेलवे कर्मचारियों को 78 दिनों के वेतन के बराबर पीएलबी देने को मंजूरी दी। यह बोनस रेलवे कर्मचारियों के बेहतर प्रदर्शन को मान्यता देने के उद्देश्य से दिया जा रहा है।
रेल दोहरीकरण परियोजना और बिहार में योजनाओं की मंजूरी
केंद्रीय कैबिनेट ने बिहार के बख्तियारपुर-राजगीर और झारखंड के तिलैया के बीच 104 किलोमीटर की रेल दोहरीकरण परियोजना को भी मंजूरी दी, जिसकी लागत लगभग 2,192 करोड़ रुपये होगी। इसके अलावा, बिहार के लिए लगभग छह हजार करोड़ रुपये की योजनाओं को भी मंजूरी दी गई है।
पीएलबी का वितरण और पात्र श्रेणियां
इस वर्ष लगभग 10.91 लाख अराजपत्रित रेल कर्मचारियों को 78 दिनों के वेतन के बराबर पीएलबी राशि का भुगतान किया जाएगा। पिछले वर्ष यह राशि 2,029 करोड़ रुपये थी, जिससे 11,72,240 कर्मचारियों को लाभ मिला था। प्रत्येक पात्र रेल कर्मचारी के लिए अधिकतम देय पीएलबी राशि 17,951 रुपये है। यह राशि ट्रैक मेंटेनर, लोको पायलट, ट्रेन मैनेजर (गार्ड), स्टेशन मास्टर, सुपरवाइजर, तकनीशियन, तकनीशियन हेल्पर, पॉइंट्समैन, मंत्रालयिक कर्मचारी और अन्य ग्रुप-सी कर्मचारियों को दी जाएगी।
रेलवे के प्रदर्शन में सुधार और रिकॉर्ड संख्या
रेल मंत्रालय के अनुसार वित्त वर्ष 2024-25 में रेलवे का प्रदर्शन उत्कृष्ट रहा। रेलवे ने रिकॉर्ड 1,614.90 मिलियन टन माल ढुलाई की और लगभग 7.3 बिलियन यात्रियों को गंतव्य स्थल तक पहुँचाया। यह प्रदर्शन पीएलबी जैसी प्रोत्साहन योजनाओं के माध्यम से कर्मचारियों की प्रेरणा और समग्र सुधार का परिणाम है।














