हरिद्वार: जिलाधिकारी मयूर दीक्षित के निर्देश पर पुलिस प्रशासन ने सड़क किनारे सरकारी जमीन पर अतिक्रमण कर व्यवसाय करने वालों पर शिकंजा कसा। अवैध अतिक्रमणों को ध्वस्त कर दिया गया तथा भविष्य में सरकारी भूमि पर अतिक्रमण न करने की चेतावनी जारी की गई। विदित हो कि प्रेम नगर आश्रम पुल के पास हाइवे के चारो तरफ बिजनौर उप्र के मूंगफली के एक बड़े ठेकेदार द्वारा अवैध दुकाने लगाकर सरकारी भूमि पर अतिक्रमण किया जाता है। राजमार्ग और सिंचाई विभाग की ज़मीन पर इस अतिक्रमण के कारण अक्सर दुर्घटनाएँ होती रहती हैं। इस अति संवेदनशील क्षेत्र में बाहरी लोगों का भारी जमावड़ा सुरक्षा के लिए ख़तरा पैदा करता है और अनैतिक गतिविधियों को बढ़ावा देता है। इससे परेशान होकर स्थानीय लोगों ने जिलाधिकारी मयूर दीक्षित को इस अतिक्रमण की जानकारी दी। जिलाधिकारी के तत्काल निर्देश पर तहसीलदार ने पुलिस बल के साथ अवैध अतिक्रमण को ध्वस्त करा दिया तथा चेतावनी दी कि यदि दोबारा सरकारी भूमि पर अतिक्रमण किया गया तो कड़ी दंडात्मक कार्रवाई की जाएगी।
डीएम मयूर दीक्षित ने अपने अफसरों को निर्देश दिए हैं कि बाहर से आकर यहां सरकारी जमीन पर अतिक्रमण करने वालों पर नजर रखी जाए। अगर किसी अफसर के इलाके में ऐसा अतिक्रमण हुआ तो उसकी जिम्मेदारी उसकी होगी।

















