दुबई। एशिया कप में भारत ने एक बार फिर पाकिस्तान को करारी शिकस्त दी है। दुबई में सुपर 4 के मुकाबले में भारत के खिलाड़ियों ने पाकिस्तान के गेंदबाजों को जमकर कूटा। पाकिस्तान के खिलाड़ी मैदान में हांफते नजर आए। अभिषेक शर्मा और शुभमन गिल की धुआंधार पारी से पाकिस्तान एक बार फिर रणभूमि में पस्त हुआ। भारत ने पाकिस्तान को 6 विकेट से हराया।
शुभमन गिल 28 गेंदों पर 47 रन बनाकर आउट हुए। इस दौरान उन्होंने आठ चौके जड़े। अभिषेक ने 39 गेंदों में 74 रन ठोंके। इस दौरान 5 छक्के और 6 चौके जड़े। बाद में तिलक वर्मा ने सधी हुई पारी खेलकर भारत को जीत दिला दी। उन्होंने 19 गेंदों में 30 रन बनाए और 2 छक्के भी जड़े।
इससे पहले पाकिस्तान के ओपनर साहिबजादा फरहान ने अपनी फिफ्टी पूरी करने के बाद शर्मनाक हरकत की थी। उसने पचास रन 34 गेंदों में पूरे किए और बंदूक चलाने के अंदाज में जश्न मनाया। लेकिन उसे नहीं पता था कि पाकिस्तान को कूटने का भारत का ऑपरेशन जारी है। शुभमन और अभिषेक ने शुरुआत से ही पाकिस्तान को खौफ में डाल दिया।
ग्रुप स्टेज के मैच में भारत ने पाकिस्तान को हराया था। पाकिस्तान को 7 विकेट से मात दी थी। वहीं, आज के मैच में टॉस हारने के बाद पहले बल्लेबाजी करने उतरी पाकिस्तान की टीम ने 171 रन बनाए। उसने पांच विकेट खोए। इन रनों में फरहान के 58 रन भी शामिल थे।
हार्दिक पांड्या ने चहल को पीछे छोड़ा
ऑलराउंडर हार्दिक पांड्या रविवार को चिर प्रतिद्वंद्वी पाकिस्तान के खिलाफ अपने पहले ओवर में प्रभावशाली प्रदर्शन के बाद अनुभवी स्पिनर युजवेंद्र चहल को पीछे छोड़ दिया। वह टी20 अंतरराष्ट्रीय मैचों में भारत के लिए दूसरे सबसे ज्यादा विकेट लेने वाले गेंदबाज बन गए। उन्होंने 29 रन देकर 1 विकेट लिए और चहल के 96 विकेटों के आंकड़े को पीछे छोड़ दिया। 31 वर्षीय पांड्या ने 118 मैचों में 26.63 की औसत से 97 विकेट लिए।
आतंक की फैक्ट्री चलाने वाले पाकिस्तान के खिलाफ भारत का ऑपरेशन सिंदूर जारी है और क्रिकेट टीम का पाकिस्तान को कूटने का ऑपरेशन चल रहा है।

















