गुवाहाटी (हि.स.) । असम के प्रसिद्ध गायक जुबिन गर्ग का सिंगापुर में निधन हो गया। उनके निधन की पुष्टि भारत के विदेश मंत्रालय ने की है। मंत्रालय ने बताया कि गायक का पार्थिव शरीर सिंगापुर से भारत लाने के लिए सभी आवश्यक कदम उठाए जा रहे हैं।
विदेश मंत्रालय और पवित्रा मार्घेरिटा की पहल
केंद्रीय विदेश राज्य मंत्री पवित्रा मार्घेरिटा ने जानकारी दी कि इस मामले में सिंगापुर के विदेश मंत्रालय से लगातार संपर्क बना हुआ है। उन्होंने बताया कि परिवार का प्रतिनिधि सिंगापुर जाएगा और जुबिन के पार्थिव शरीर के साथ नॉर्थ ईस्ट फेस्टिवल में शामिल भारतीय नागरिकों की सुरक्षित वापसी के लिए सरकार आवश्यक इंतजाम करेगी।
मुख्यमंत्री हिमंत बिस्व सरमा ने चुनावी कार्यक्रम स्थगित किया
असम के मुख्यमंत्री डॉ. हिमंत बिस्व सरमा ने जुबिन गर्ग के निधन की खबर सुनते ही बोड़ोलैंड में चल रहे अपने चुनावी कार्यक्रम को बीच में ही स्थगित कर दिया। उन्होंने कहा कि इस दुखद समाचार पर उनके पास शब्द नहीं हैं। पूरे राज्य में शोक की लहर दौड़ गई है।
स्कूबा डाइविंग के दौरान अस्वस्थ हुए जुबिन गर्ग
सिंगापुर में नॉर्थ ईस्ट इंडिया फेस्टिवल में भाग लेने गए जुबिन गर्ग स्कूबा डाइविंग के दौरान अचानक अस्वस्थ हो गए। लगभग एक घंटे तक बेहोश रहने के बाद डॉक्टरों के भरसक प्रयास के बावजूद उन्हें बचाया नहीं जा सका और उन्होंने दम तोड़ दिया।

















